उमेश गुप्ता / वाराणसी
सावन के पहले सोमवार पर विश्वनाथ धाम समेत शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के सभी शिवालयों व मंदिरों में भक्तों की कतार लगी । सुबह से लोग दर्शन- पूजन करते दिखे।
सावन के पहले सोमवार पर महादेव की नगरी काशी में महादेव के दर्शन को विश्वनाथ धाम में भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा । मंगला आरती के बाद काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार का पट खुला तो श्रद्धालुओं की खुशी देखते ही बन रही थी। विश्वनाथ धाम हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज रहा था।
चप्पे-चप्पे की चौकसी के बीच रेड कार्पेट से होकर भक्तों के दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से जारी रहा। धाम तक श्रद्धालुओं को पहुंचने के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है। सुबह से ही लाखों भक्तों ने बाबा के आंगन में पहुंचकर मत्था टेका।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रावण मास के प्रथम सोमवार का आरम्भ प्रातः कालीन बेला में भगवान श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के साथ श्रद्धापूर्वक किया गया। आरती के उपरांत धाम के बाहर मैदागिन एवं गोदौलिया की तरफ पंक्तिबद्ध श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा में पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट, वाराणसी, मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, विशेष कार्याधिकारी पवन प्रकाश पाठक, नायब तहसीलदार मिनी एल शेखर, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगणों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजन की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा धाम क्षेत्र में व्यापक पर्याप्त पेयजल काउंटर्स, चिकित्सा हेल्प डेस्क, खोया पाया केंद्र, तथा अन्य सुविधा एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास सभी श्रद्धालुओं का सुव्यवस्थित एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित कराने हेतु सभी संभव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित कर रहा है।
