मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिएकदिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

एकदिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित

सामना संवाददाता / मुंबई

शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को आयुक्तालय, सीजीएसटी मुंबई सेंट्रल, चर्चगेट में आयोजित हिंदी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत शुक्रवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्य-स्मृति में एकदिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राजभाषा विभाग द्वारा मुंबई के प्रतिष्ठित आर. के. पब्लिकेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सीजीएसटी आयुक्त विवेक पाण्डेय ने राष्ट्रकवि दिनकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
इस अवसर पर महेश कुमार (अपर आयुक्त), नितिन जैन (अपर आयुक्त),  नितिन गुप्ता (संयुक्त आयुक्त), उपायुक्त दीपक माटा एवं महेश कुमार सहित अन्य सहायक आयुक्त, विभागीय अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
अपने संबोधन में आयुक्त विवेक पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर की साहित्यिक कृतियों में निहित संदेशों को समझकर उन्हें जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी से प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आग्रह किया तथा उन्हें मौलिक पुस्तक लेखन के लिए भी प्रेरित किया। उपस्थित अतिथियों ने आगंतुक पुस्तिका में प्रदर्शनी से जुड़े अपने अनुभव और विचार दर्ज किए।
आर. के. पब्लिकेशन द्वारा प्रदर्शित पुस्तकें विक्रय के लिए भी उपलब्ध थीं। मुंबई के इतिहास पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत की लिखी पुस्तक ‘आमची मुंबई’ पाठकों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। अधिकारियों ने प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई और अपनी पसंद की पुस्तकें खरीदीं। प्रदर्शनी में कालजयी साहित्य के साथ-साथ आधुनिक लेखकों की नवीन साहित्यिक कृतियां भी उपलब्ध कराई गई थीं।
आर. के. पब्लिकेशन के प्रबंधक रामकुमार ने कार्यालय के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित करने की यह परंपरा भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन भावना ने किया। उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के जीवन और साहित्य पर तैयार प्रस्तुति भी प्रदर्शित की।

अन्य समाचार