-बेरोजगार अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा
-योगी के मंत्री आवास पर हल्लाबोल
सामना संवाददाता / अलीगढ़
६८,५०० सहायक शिक्षक भर्ती-२०१८ के लंबित मामले को लेकर पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। मथुरा, कासगंज, बरेली समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के अलीगढ़ स्थित आवास का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में सबसे ज्यादा चर्चा उस पोस्टर की रही, जिस पर लिखा था, `मंत्री जी आपकी तो शादी हो जाएगी, हम तो कुंवारे ही मर जाएंगे।’
अभ्यर्थियों का कहना था कि वर्षों से नियुक्ति का इंतजार करते-करते उनकी उम्र निकलती जा रही है, लेकिन सरकार इस मामले में कोई ठोस पैâसला नहीं ले रही है। प्रदर्शनकारियों ने ‘दादा ने मौका दिया, पोते ने धोखा दिया’ और ‘ऐसी क्या मजबूरी है, आरक्षण की चोरी है’ जैसे नारे भी लगाए। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत छूट देने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की है। उनकी मांग है कि १५० में ६० अंक यानी ४० प्रतिशत को पात्रता मानकर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
अभ्यर्थियों से नहीं मिले बेसिक शिक्षा मंत्री
करीब चार घंटे चले प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने मंत्री से मुलाकात की मांग की। उनका दावा है कि मंत्री ने मुलाकात नहीं की। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आवास के सामने से हटाया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने मार्च निकाला और आंबेडकर पार्क पहुंचकर देर शाम तक प्रदर्शन जारी रखा। अभ्यर्थियों ने कहा कि नियुक्ति मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
