सामना संवाददाता / नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री कर सुर्खियों में आए मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि का नोएडा में होने वाला कॉमेडी शो अचानक रद्द कर दिया गया है। इंदौर में हुए विवादित कार्यक्रम के बाद उठे राजनीतिक तूफान के बीच पुलकित ने खुद अपने शो के रद्द होने की जानकारी साझा की। शो रद्द करने के तुरंत बाद कॉमेडियन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है’, जिसके बाद से इंटरनेट पर उनके शो रद्द होने के पीछे की असली वजह को लेकर बहस छिड़ गई है।
सेक्टर-७६ के क्लब में होना था शो, तबीयत खराब होने का दिया हवाला
तय कार्यक्रम के मुताबिक, पुलकित मणि का स्टैंडअप शो रविवार शाम नोएडा के सेक्टर-७६ स्थित ‘हाउस ऑफ एएमपी कॉमेडी क्लब’ में आयोजित होना था। आयोजक अभिषेक साहू ने फोन पर शो रद्द होने की पुष्टि की है। आयोजकों के अनुसार, पुलकित ने उन्हें मैसेज भेजकर अपनी तबीयत खराब होने का हवाला दिया और कार्यक्रम प्रस्तुत करने में असमर्थता जताई। हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा है कि राजनीतिक विवाद और विरोध की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
-राहुल गांधी के मंच पर पीएम मोदी के अंदाज की उतारी थी नकल
-पूरा विवाद १९ सितंबर को इंदौर में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में पुलकित मणि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा कर रहे थे। मंच से पुलकित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण देने की शैली, विदेशी दौरों, वैश्विक नेताओं से मुलाकातों में ‘माई प्रâेंड’ के संबोधन और बच्चों के साथ सिक्के के खेल से जुड़े प्रसंगों पर चुटकी लेते हुए उनकी मिमिक्री की थी। इस दौरान सामने बैठे राहुल गांधी समेत तमाम दर्शक ठहाके लगाते नजर आए थे।
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के पद की गरिमा और संदर्भों को लेकर राहुल गांधी और पुलकित मणि, दोनों पर निशाना साधा। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गर्इं और तीखी बयानबाजी शुरू हो गई। ‘हनी हू इज फनी’ के नाम से मशहूर पुलकित मणि पहले भी राजनीतिक व्यंग्य और सामाजिक मुद्दों पर कॉमेडी करते रहे हैं।
