अमिताभ श्रीवास्तव
मारिया बोले तो शरापोवा। टेनिस की सुंदरी रही मारिया शरापोवा की कस्टम हवेली को एक स्पोर्ट्स स्टार ने खरीद लिया है, जिसने १२० मिलियन पाउंड का सौदा किया है। पूर्व टेनिस सनसनी और ३८ वर्षीय बिजनेस वुमन मारिया ने जुलाई में लॉस एंजिल्स में अपनी ये हवेली बाजार में उतारी थी। उन्होंने यह हवेली १३ वर्ष पहले ३ मिलियन पाउंड में खरीदी थी। लेकिन अब उन्होंने इसे छह गुना अधिक कीमत में एक बास्केटबॉल हीरो को बेच दिया है। ओसी रजिस्टर के अनुसार, इस भव्य घर का खरीदार लुका डोनसिक है। २६ वर्षीय डोनसिक ने १२० मिलियन पाउंड के एक तीन-वर्षीय अनुबंध पर हस्ताक्षर किए, जिसमें २०२८-२९ में एक अतिरिक्त वर्ष का विकल्प भी शामिल है और चूंकि वे लॉस एंजिल्स में ही रहने की योजना बना रहे हैं, इसलिए उन्होंने उस नकदी का कुछ हिस्सा स्थाई रूप से शारापोवा के पूर्व घर को खरीदकर वहां बसने के लिए खर्च किया है। दरअसल, २००४ की विंबलडन चैंपियन अपने मंगेतर अलेक्जेंडर गिलकेस के साथ यूरोप में बसना चाहती हैं। शारापोवा की इस हवेली में बालकनी और भव्य रसोईघर से समुद्र का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है। यहां एक आउटडोर जापानी शैली का स्विमिंग पूल और बारबेक्यू क्षेत्र है, साथ ही घास पर डेबेड भी हैं। घर की सबसे अच्छी विशेषता एक बॉलिंग एली है, जिसमें दो लेन हैं, जिससे वह कोर्ट से दूर अपनी नजर रख सकते हैं। शारापोवा को हाल ही में टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था।
इंस्टा पर एना की किक
अब भले ही मैदान से दूर रहें मगर सोशल मीडिया पर रहकर अपने आप को सुर्खियों में रखना सेलिब्रेटियों को खूब आता है खासकर वे जो खूबसूरत भी हों और खिलाड़ी भी। जी हां, फुटबॉलर एना मारिया मार्कोविक दुनिया की सबसे सुंदर फुटबाल खिलाड़ी हैं, जिसने एक बार फिर अपनी एक और ग्लैमरस तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस बार २५ वर्षीय मार्कोविक ने न्यूयॉर्क फैशन वीक के दौरान काले रंग की पोशाक में पोज दिया और अपने प्रशंसकों को आश्चर्यचकित कर दिया। मैदान पर फॉरवर्ड खिलाड़ी एना सोशल मीडिया पर भी फारवर्ड ही हैं और उनकी किक उनके फैंस को उनके करीब रखती हैं। एना मारिया ने इंस्टाग्राम पर अपने २.९ मिलियन फॉलोअर्स के साथ अपने आउटफिट के साथ तस्वीरों की एक श्रृंखला साझा की है। तस्वीर पोस्ट होते ही समर्थकों ने तुरंत टिप्पणी कर धावा बोल दिया। एक प्रशंसक ने पोस्ट किया ‘मेरा जबड़ा खुला रह गया। सचमुच।’ एक अन्य ने टिप्पणी की ‘मुझे यह बहुत पसंद आया।’ क्रोएशियाई खिलाड़ी का सीनियर कैरियर २०१७ में ज्यूरिख से शुरू हुआ था जहां उन्होंने दो साल बिताए। इसके बाद मार्कोविक ग्रासहॉपर्स में शामिल हो गईं, जहां वह २०२४ तक रहीं। अपनी सुंदरता को भुनाने के लिए वह इंस्टा पर ग्लैमर्स फोटो डालती रहती हैं। वो कहती भी हैं कि जब मैं मैदान पर नहीं होती हूं तब इंस्टा पर होती हूं।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
