मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : गुस्सा और खून

आउट ऑफ पवेलियन : गुस्सा और खून

-अमिताभ श्रीवास्तव

खेल के बीच में खराब प्रदर्शन खिलाड़ियों को आपे से बाहर कर देता है। अब देखिये न ऐसा भी क्या गुस्सा कि अपने आप को ही चोट पहुंचा दी जाए। जी हां, हांग्जौ ओपन में अपने तौलिया बॉक्स पर मुक्का मारने के बाद एंड्री रुबलेव कोर्ट पर खून से लथपथ हो गए। पूर्व विश्व नंबर ५ खिलाड़ी चीन में सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए फ्रांसीसी खिलाड़ी ह्यूगो गैस्टन के सामने खेल रहा था। २८ वर्षीय रुबलेव पहले सेट को जीतने ही वाले थे, मगर पासा पलटा और इस रूसी खिलाड़ी ने लगातार सात अंक गंवा दिए और टाईब्रेक हारकर एक सेट से पिछड़ गया। पहले सेट में ६-५ पर बैकहैंड शॉट नेट में लगने के बाद, रुबलेव गुस्से में अपनी कमीज फाड़ने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि, कपड़े को खींचने पर भी, विश्व के २५वें नंबर के खिलाड़ी शर्ट को टस से मस नहीं कर सके। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने अपनी जगह बदल ली, रुबलेव ने अपनी पानी की बोतल और मेज को लात मारी और फिर अपनी कमीज उतारकर दूसरी कमीज पहन ली। दूसरे सेट के दौरान रुबलेव के मूड में कोई खास सुधार नहीं हुआ। विंबलडन के पूर्व क्वार्टर फाइनलिस्ट ने ४-० की बढ़त बना ली, लेकिन फिर से लड़खड़ा गए और डबल ब्रेक गंवा दिया। रुबलेव ने ५-४ पर सेट के लिए सर्व किया, लेकिन डबल फॉल्ट करके गेम गंवा दिया। ५-५ के स्कोर पर, रुबलेव अपना तौलिया लेने के लिए चलते हुए खुद से कुछ बुदबुदाया। यहीं गुस्से में आकर, उसने अपनी झुंझलाहट को दूर करने के प्रयास में अपने बाएं हाथ से बॉक्स पर एक घूंसा मारा। इसके बाद रुबलेव की उंगलियों के जोड़ों से खून बहता हुआ देखा गया और उन्हें खेल के बीच में ही मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। दूसरा सेट फिर से टाईब्रेक में चला गया, और इस बार ३-२ से पिछड़ने के दौरान गैस्टन ने अपने ट्रेनर को बुलाया, इस बार छाले के लिए। हैरानी की बात यह है कि रुबलेव मैच जीतने में कामयाब रहे।
टेनिस हसीना का घर तबाह
युद्ध किसीको नहीं छोड़ता। अब देखिए न, ओडेसा पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में एक यूक्रेनी टेनिस स्टार के परिवार का घर पूरी तरह से नष्ट हो गया है। पूर्व विश्व नंबर २१ डायना यास्ट्रेम्स्का, जिन्होंने हाल ही में यूएस ओपन में भी भाग लिया था, ने एक तीखे शब्दों वाले पोस्ट में जलती हुई इमारत की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, ‘रूसी मिसाइल हमले में विश्व टेनिस का एक हिस्सा बच गया। हमारा घर नहीं बचा,’ उन्होंने मलबे से लटके हुए रोलैंड गैरोस क्ले कोर्ट के नारंगी तौलिए की ओर इशारा करते हुए यह बात कही। पिछले दिनों काला सागर के बंदरगाह शहर और पास के चोर्नोमोरस्क पर हुए हमले में दो लोग मारे गए और तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। २६ वर्षीय दयाना लंबे समय से युद्ध की मुखर आलोचक रही हैं और उन्होंने दुनिया को व्लादिमीर पुतिन की बुराई के बारे में चेतावनी दी है। उन्होंने लिखा, ‘रूसी दुनिया ऐसी दिखती है कि एक कालिब्र क्रूज मिसाइल का सीधा हमला।’

 

अन्य समाचार