मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : सोबर आउटफिट

आउट ऑफ पवेलियन : सोबर आउटफिट

अमिताभ श्रीवास्तव

ऐसा कम ही देखने को मिलता है, जब कोई सेलेब्रिटी सोबर आउटफिट में नजर आए। वे अक्सर अपने ग्लैमरस अंदाज से बाहर नहीं आते, लेकिन टेनिस की यह स्टार एकदम साधारण आउटफिट में दिखी तो सबने उसे ‘क्यूटी’ कहा। टेनिस खिलाड़ियों ने भी उसकी ड्रेस और उसके लुक की तारीफ की। जी हां, एम्मा राडुकानू ने अबू धाबी में छुट्टियों के दौरान अपने आउटफिट से फैंस को हैरान कर दिया। टेनिस स्टार संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में वहां की वास्तुकला और विरासत का आनंद ले रही थीं। २४ साल की राडुकानू ने जायद नेशनल म्यूजियम के सामने पोज देते हुए वाइड-लेग्ड जींस के साथ क्रीम रंग का ब्लाउज पहना था। उन्होंने अपने फैंस के लिए ट्रिप की कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कीं। एक अन्य तस्वीर में वह एक शानदार बाज को पकड़े हुए नजर आर्इं। इंस्टाग्राम पर उनकी बहुत बड़ी फॉलोइंग है। उनके २.८ मिलियन फॉलोअर्स उनके कंटेंट को देखते हैं। उनके फैंस को तस्वीरें बहुत पसंद आर्इं और कोर्ट पर उनकी कुछ प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों ने भी उनकी तारीफ की। पाउला बडोसा ने कमेंट किया, ‘क्यूटी’। ब्रिटिश धाविका दीना एशर-स्मिथ ने भी कमेंट में तारीफ करते हुए लिखा, ‘सुंदर’। फैंस ने भी कमेंट सेक्शन को राडुकानू के लिए सकारात्मक संदेशों से भर दिया। एक फैन ने लिखा, ‘वाह! यह बहुत कूल है। क्या अनुभव है।’ दूसरे ने लिखा, ‘आज मैंने जो सबसे खूबसूरत चीज देखी।’ फैंस अभी भी राडुकानू के अपने मुख्य खेल में वापसी करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
क्रिकेट का सबसे बड़ा गद्दार
२०१८ के सैंडपेपरगेट कांड को लेकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बार फिर घमासान मचा हुआ है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के खुलासे पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फैनी डिविलियर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ख्वाजा को क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा गद्दार करार दिया। विवाद तब फिर सुर्खियों में आया, जब कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने करीब ४,००० शब्दों का बयान जारी कर अपने पूर्व साथियों समेत टेस्ट कप्तान पैट कमिंस को लेकर कई दावे किए। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने २०१८ की घटना की जानकारी जुटाने के लिए एक स्वतंत्र मंच बनाने का फैसला किया है। ९१.३ स्पोर्ट एफएम से बातचीत में फैनी डिविलियर्स ने कहा, ‘मैं रिकॉर्ड पर कहना चाहता हूं कि ख्वाजा क्रिकेट में अब तक के सबसे बड़े गद्दार हैं, जिन्हें मैंने पिछले ४०-५० वर्षों में देखा है या जिनके बारे में पढ़ा है।’ फैनी डिविलियर्स ने आरोप लगाया कि ख्वाजा ने अपने साथी खिलाड़ियों के साथ विश्वासघात किया है। डिविलियर्स ने कहा कि बॉल टेंपरिंग की गलती पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी थी, लेकिन इस मुद्दे को दोबारा उठाने से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को नुकसान पहुंचा है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार