मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : सूर्या पर क्यों लगा ग्रहण?

आउट ऑफ पवेलियन : सूर्या पर क्यों लगा ग्रहण?

अमिताभ श्रीवास्तव

सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया से बाहर भी हुए और कप्तानी भी गई। हालांकि, इस तरह एकदम से निकाल बाहर करना पूर्व क्रिकेटरों को अच्छा नहीं लगा मगर यही होता है जब सितारे गर्दिश में होते हैं तो कोई नहीं पूछता। बहरहाल, अब खबर आ रही है कि मुंबई इंडियंस से भी सूर्या को बाहर किया जाने वाला है। आखिर ऐसा क्या हो गया जो सूर्या पर ग्रहण लग गया? चर्चा उनकी कप्तानी छिन जाने या टीम इंडिया से बाहर होने की नहीं है, जितनी सोशल मीडिया गतिविधि को लेकर हो रही है। सूर्यकुमार के इंस्टाग्राम प्रोफाइल से मुंबई इंडियंस से जुड़ी तस्वीरें और उल्लेख गायब होने के बाद उनके फ्रंचाइजी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। जी हां, सूर्यकुमार यादव अब इंस्टाग्राम पर न तो मुंबई इंडियंस को फॉलो कर रहे हैं और न ही टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को। उनके अकाउंट पर मुंबई इंडियंस से जुड़ी केवल एक तस्वीर बची है, जिसमें वह रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ नजर आ रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। तो क्या मुंबई इंडियंस से भी अलग होने वाले हैं सूर्या? फिलहाल, यदि सोशल मीडिया की मानें तो ऐसा ही लग रहा है।
चौंकिए मत, फीफा में खेलेंगे भारतीय खिलाड़ी
फुटबॉल विश्वकप में भारतीय टीम को एंट्री मिलना लगभग असंभव है। हां, यदि विश्वकप का आयोजन भारत करे तो संभव है कि उसकी टीम भी खेल पाए, मगर फिलहाल तो दूर-दूर तक कोई संभावनाएं नजर नहीं आती। अब यदि भले भारतीय टीम न हो मगर दिग्गज टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी खेलेंगे तो चौंकिए मत, यह सच है। अमेरिका में ११ जून से शुरू होने वाले फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट में भारतीय मूल के चार खिलाड़ी अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। यह चार खिलाड़ी सरप्रीत सिंह, सैमुअल मौतौसामी, निशान वेलुपिल्ले और तहसीन मोहम्मद हैं जो फ्रांस के मिडफील्डर विकास धोरासू के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। धोरासू जर्मनी में २००६ के विश्व कप में खेले थे। धोरासू के पूर्वज आंध्र प्रदेश के विजयनगरम की रहने वाले थे। सरप्रीत सिंह न्यूजीलैंड की टीम से खेल रहे हैं तो सैमुअल कांगो की टीम में हैं। निशान वेलुपिल्ले ऑस्ट्रेलिया की टीम में हैं तो कतर की टीम से खेल रहे हैं तहसीन मोहम्मद जमशेद।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार