मुख्यपृष्ठनए समाचारपाकिस्तानी टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश ... पंजाब-एमपी और यूपी से ३ खूंखार...

पाकिस्तानी टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश … पंजाब-एमपी और यूपी से ३ खूंखार आतंकी गिरफ्तार!

बड़े हमले की हो रही थी तैयारी सोशल मीडिया से हो रही थी भर्ती
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश विरोधी एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे एक टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस मॉड्यूल का सरगना पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी है। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा है। स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब का हरगुनप्रीत सिंह शामिल है। दूसरा आरोपी विकास प्रजापति मध्य प्रदेश के दतिया का है। वहीं तीसरा आरोपी आरिफ यूपी के बिजनौर का रहने वाला है।
एडिशनल सीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि ये वही लड़के हैं, जिन्होंने हमला किया था। इन्होंने २५ तारीख को गुरदासपुर सिटी पुलिस स्टेशन के सामने हैंड ग्रेनेड फेंका था। पूछताछ में पता चला है कि इनके निशाने पर कई और जगहें भी थीं। इन आतंकियों ने कई स्थानों की वीडियोग्राफी और रेकी कर ली थी। वहां भी हैंड ग्रेनेड फेंकने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने वक्त रहते इन्हें दबोच लिया।

प्रमोद कुमार कुशवाहा के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम लंबे समय से पंजाब के गैंगस्टर्स को ट्रैक कर रही थी, जिस दौरान पाकिस्तानी हैंडलर्स के लिंक सामने आए। जांच में पता चला है कि यह मॉड्यूल शहजाद भट्टी के निर्देश पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इन आरोपियों ने गुरदासपुर में हैंड ग्रेनेड फेंके थे और अन्य जगहों पर भी ग्रेनेड हमलों की फिराक में थे। इन्होंने पंजाब में हमलों के लिए रेकी भी कर ली थी। पुलिस का कहना है कि अभी इस नेटवर्क के एक-दो और लोगों की गिरफ्तारी होनी बाकी है।

पाकिस्तान से हो रहा था ऑपरेट
शहजाद भट्टी पाकिस्तान में बैठकर इस ग्रुप को चला रहा था। वह सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए युवाओं को बरगलाता था। वह उन्हें भर्ती करके आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करता था। भट्टी अपने साथियों के जरिए इन्हें सीधे निर्देश देता था। पुलिस का कहना है कि इस ग्रुप के एक-दो और लिंक सामने आए हैं। उनकी जानकारी पंजाब पुलिस के साथ साझा की जाएगी। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य समाचार