जेदवी / मुंबई
-पहले कोयते से जानलेवा हमला
-फिर दो-दो बार आत्महत्या की कोशिश!
पालघर में राजस्व विभाग की महिला कर्मचारी पर हुए सनसनीखेज कोयता हमले ने अब रहस्य का रूप ले लिया है। दिनदहाड़े महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी अमोल मुले पुलिस के हत्थे तो चढ़ गया, लेकिन गिरफ्तारी से पहले उसके द्वारा लगातार दो बार आत्महत्या का प्रयास किए जाने से पूरे मामले ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा कौन-सा सच है, जिससे आरोपी इतना घबराया हुआ था कि कानून का सामना करने के बजाय अपनी जान देने पर उतारू हो गया?
१२ जून की शाम पालघर शहर के गोल्ड सिनेमा परिसर के पास जिला कलेक्टर कार्यालय में राजस्व सहायक के पद पर कार्यरत २७ वर्षीय स्नेहल सावंत पर कोयते से हमला किया गया। आरोपी ने पीछे से आकर गर्दन, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल स्नेहल को पहले पालघर ग्रामीण अस्पताल और बाद में बोईसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वारदात के बाद आरोपी अमोल मुले फरार हो गया था। उसकी तलाश में स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) सहित कई पुलिस टीमें जुट गईं। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि फरारी के दौरान आरोपी ने पहले केलवा बीच के पास फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन रस्सी टूट जाने से वह बच गया। इसके बाद उसने जहर खाकर फिर अपनी जान देने का प्रयास किया।
पुलिस ने वरखुंटी क्षेत्र से उसे अर्धचेतनावस्था में हिरासत में लिया और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्नेहल सावंत और अमोल मुले एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
