द्रुप्ति झा / मुंबई
मुंबई हवाई अड्डों से एक दिन में लगभग एक लाख से भी ज्यादा यात्रियों का आना-जाना होता है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद अहम हो जाता है, लेकिन शायद प्रशासन के लिए लोगों की जान की कोई कीमत नहीं है। अब एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़कों से लोग परेशान हो चुके है। मुंबई का टी-१ और टी-२ छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा का टर्मिनल है, जिसे सहार हवाई अड्डे के नाम से भी जाना जाता है। जहां से बड़े-बड़े उद्योगपति, बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोगों से लेकर बाकी सभी वर्ग के लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन सड़कों की दुर्दशा हो गई है।
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-१ और टर्मिनल-२ की ओर जाने वाली सड़कों पर बड़े-बड़े गढ्ढे नजर आ रहे हैं। हमेशा छोटे-बड़े वाहनों की वजह से व्यस्त रहने वाली सड़क गाड़ियों की लंबी लाइनों से जाम रहती है। गढ्ढे की वजह से यात्रियों को अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए हवाई अड्डे तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। अभी हाल ही में विले पार्ले के टर्मिनल-२ के रास्ते में हनुमान रोड स्टॉप पर बाइक चलाते समय एयरपोर्ट जा रही एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, महत्वपूर्ण सड़कों की लाइटें बंद थीं, कोई कैमरा सिस्टम नहीं था।
मुंबई की सड़कों पर गड्ढों की भरमार है, लेकिन उन गड्ढों पर प्रशासन की नजर नहीं जा रही है। इन गड्ढों के कारण मुंबईकरों को आए दिन दुघर्टनाओं के साथ ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। नागरिकों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगती है। इस ट्रैफिक जाम की मुख्य वजह मुंबई में जगह-जगह सड़कों के गड्ढे हैं। नागरिक बार-बार सड़क को सुधारने की शिकायत करके परेशान हो चुके हैं।
