कानपुर देहात के बाढ़ग्रस्त गांवों में प्रदेश सरकार के वैâबिनेट मंत्री संजय निषाद का दौरा चर्चा का विषय बन गया है। यहां हालातों का जायजा लेने आए मंत्री जी ने बाढ़ को ‘स्वर्ग का रास्ता’ बता दिया। मंत्री ने ग्रामीणों से कहा, `गंगा मैया अपने पुत्रों के पैर धोने आई हैं, आदमी सीधा स्वर्ग जाता है। यह सुन गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा, क्योंकि जिनके घर डूब चुके हैं, भारी परेशानी में हैं, जान हलक में अटकी है, उनके लिए ऐसे बोल जले पर नमक से कम नहीं थे। यहां तक कि भाजपा की महिला नेता से एक महिला ने यहां तक कह दिया कि तुम भी यहीं रहने लगो, तुम भी दर्शन कर लो।
दरअसल, कानपुर में भोगनीपुर तहसील के कई गांव यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण पानी में डूब चुके हैं। खेत-खलिहान, जानवर और घर सब कुछ पानी में समा गए हैं। ऐसे में मंत्री संजय निषाद यहां दौरे पर आए थे।
`अम्मा ने की मंत्री की बोलती बंद’
जख्मों पर और नमक छिड़कने का काम भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने किया। वह तो एक बुजुर्ग महिला से बोल पड़ीं कि सौभाग्य की बात है कि आप यमुना मईया के दर्शन करती हो, बहुत सौभाग्यशाली हो। बुजुर्ग महिला ने जवाब दिया कि तुम भी यहीं पर रहने लगो, तुम भी दर्शन करो, जो बात लोगों को सबसे ज्यादा चुभी वो ये कि मंत्री जी को ये तक नहीं पता था कि बाढ़ किस नदी की वजह से आई है।
