मुख्यपृष्ठअपराधअपहरण करके सोने के आभूषण व कार छीनने वाले को पुलिस ने...

अपहरण करके सोने के आभूषण व कार छीनने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार

राधेश्याम सिंह / पालघर

तलासरी पुलिस ने दो महीने पहले हुए अपहरण, जबरन लूट और कार छीनने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समीर महादेव जाधव को पुलिस ने मंचर, जिला पुणे से गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने आरोपी को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। यह मामला 20 अप्रैल 2025 का है, जब संदीप भैयालाल पारधी (38), निवासी एकता नगर, वाडा-ऐनशेत रोड, पालघर, अपनी स्विफ्ट डिज़ायर कार (MH48-CT-7578) से उपलाट-कलबटपाड़ा, तलासरी क्षेत्र में रुके थे। इसी दौरान तीन अज्ञात आरोपियों ने मोटरसाइकिल से रास्ता रोक कर संदीप पारधी का अपहरण कर लिया। उन्हें जबरन कार में पीछे बैठाकर गले की सोने की चेन, हाथ की सोने की अंगूठी और नकद रुपए लूट लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कल्याण बायपास, ठाणे में उतारकर कार समेत सारा सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना को लेकर तलासरी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 140(3) के तहत एफआईआर नंबर 57/2025 को 22 अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी विशाल दत्तात्रय तांदले (29), निवासी मंचर, पुणे को गिरफ्तार किया था। उसके पास से स्विफ्ट डिजायर कार, सोने के गहने और नकद मिलाकर कुल 5,05,360 रुपए का माल बरामद किया गया था। मुख्य आरोपी समीर महादेव जाधव घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और 17 जुलाई 2025 को मंचर से उसे गिरफ्तार किया। 18 जुलाई को उसे डहाणू न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। पुलिस रिकॉर्ड से खुलासा हुआ है कि समीर जाधव पर इससे पहले भी हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, हथियार रखना और गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 10 केस दर्ज हैं। तलासरी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य फरार साथियों और बाकी लूटे गए सामान की बरामदगी में जुटी है।

अन्य समाचार