– मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
द्रुप्ति झा / मुंबई
महायुति सरकार में उनके ही पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं। करोड़ों मुंबईकरों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की खुद की सुरक्षा रामभरोसे है। मालाड-मालवणी क्षेत्र में २ दिसंबर की रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। दरअसल, मामले में मालवणी पुलिस और कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी, जिसके बाद समूह के कुछ लोगों ने पुलिस वाले पर हमला करते हुए कहा कि तू क्या करेगा? घटना के बाद जमा भीड़ ने पुलिस के साथ गाली-गलौज भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग ऑन-ड्यूटी पुलिस के साथ हिंसक बहस करते नजर आ रहे हैं। उन पर पुलिस पर हमला करने और कानून को अपने हाथ में लेने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद गुरुवार रात में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, फरार मुख्य आरोपी की तलाश के साथ ही मामले की जांच जारी है। इस मामले में मालवणी पुलिस से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
