तौसीफ कुरैशी
राजकाज हो या नौकरी कभी आसान नहीं होते। यह कोई नई बात नहीं, लेकिन आज के समय में यह और भी जटिल हो गया है। सत्ता और नौकरी के गलियारों में जो कहा जाता है और जो किया जाता है, उनके बीच की दूरी अक्सर इतनी लंबी हो जाती है कि जनता या मालिक उस रास्ते को देख ही नहीं पाती। शब्दों का एक संसार खड़ा कर दिया जाता है, जहां हर वक्ता दरअसल प्रवक्ता बन चुका है। वह अपनी आत्मा से नहीं, अपने पक्ष से बोलता है और यही इस दौर की सबसे बड़ी त्रासदी है।
सच बोलना हमेशा कठिन रहा है, लेकिन आज यह लगभग असंभव-सा प्रतीत होता है। क्योंकि सच बोलने के लिए सिर्फ हिम्मत नहीं, त्याग भी चाहिए। मोह का त्याग, संबंधों का त्याग और कभी-कभी अपने ही बनाए दायरों का त्याग। यह त्याग हर किसी के बस की बात नहीं। इसलिए लोग सच से बचते हैं, उसे तोड़ते-मरोड़ते हैं या फिर उसे अपने हिसाब से गढ़ लेते हैं। सत्ताएं और नौकरियों का त्याग करना पड़ता है समाज और मालिकों की एक और विडंबना है अगर आप किसी की तरफदारी नहीं करते तो कोई आपकी बात सुनना ही नहीं चाहता। तटस्थता अब गुण नहीं, दोष मानी जाने लगी है। लोग चाहते हैं कि आप उनके पक्ष में खड़े हों, उनकी भाषा बोलें, उनके ही निष्कर्ष दोहराएं। क्योंकि अधिकतर लोग सच नहीं, अपनी इच्छाओं की पुष्टि सुनना चाहते हैं। वे उस आवाज को पसंद करते हैं, जो उनके भीतर पहले से मौजूद है। हम सब अपने-अपने ‘सत्य’ लेकर चलते हैं जो हमने अपने परिवार से, अपने गुरुओं से, अपने राजनीतिक या सामाजिक रहबरों से सुना है। और फिर हम मान लेते हैं कि यही अंतिम सत्य है। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर हर कोई अपने को सही मानता है तो गलत कौन है? और अगर कोई गलत है ही नहीं तो फिर बहस, विमर्श और नए विचारों की जरूरत ही क्या रह जाती है? यहीं से संवाद का संकट शुरू होता है। जब सुनने की इच्छा खत्म हो जाती है, तब लोकतंत्र या संस्थान सिर्फ एक ढांचा बनकर रह जाता है। असल लोकतंत्र तो तब है, जब हम असहमति को सुन सकें, उसे समझने की कोशिश करें और शायद उससे कुछ सीख भी सकें।
चापलूसों का जमघट हर जगह है
राजकाज की असली परीक्षा यहीं है क्या वह सच को सुनने की ताकत रखता है? और समाज की असली कसौटी भी यही है क्या वह अपने ही बनाए सच के बाहर झांकने की हिम्मत कर सकता है? यही हाल मालिकों का है अपने इर्द-गिर्द चापलूसों का जमघट रखते हैं। बेईमानी में जिनकी कोई बराबरी नहीं कर सकता वही उनके विश्वासपात्र की सूची में टॉप पर होते हैं और जो सिर्फ ईमानदारी से नौकरी करते है। संस्थान की बेहतरी के लिए जीते हैं उनकी जरूरत न मालिक होती है और न समाज को, लेकिन सही व्यक्ति अपने सच्चाई के रास्ते पर अडिग रहता है यही उसकी खासियत होती है।
सत्यमेव जयते…!
