मुख्यपृष्ठनए समाचारखतरे में रेल यात्रा...दरवाजे पर बैठने को लेकर झगड़ा, चलती ट्रेन से...

खतरे में रेल यात्रा…दरवाजे पर बैठने को लेकर झगड़ा, चलती ट्रेन से फेंका गया यात्री!

सुरक्षा के अभाव में गई युवक की जान
सामना संवाददाता / मुंबई
रेल में अब यात्रा करना खतरे से खाली नहीं रह गया है। कब, किस बात को लेकर बड़ी घटना घट जाए, कहा नहीं जा सकता। ऐसे ही एक मामूली विवाद में एक यात्री ने दूसरे यात्री को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया, जिसके कारण युवक की मौत हो गई। कर्जत पुलिस ने इस मामले में एक यात्री को ठाणे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना एक बार फिर से ट्रेन सुरक्षा और यात्री शिष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि रेलवे सुरक्षा बल डिब्बे में मौजूद होता तो इस घटना को रोका जा सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पुणे से मुंबई आ रही एक्सप्रेस ट्रेन में ७ अक्टूबर की सुबह ४.२३ बजे घटी, जब दो यात्रियों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद एक यात्री ने दूसरे यात्री को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। मृतक की पहचान विनोद कांबले के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त के साथ दर्शन के लिए मुंबई आ रहा था।
 दरवाजे पर बैठने को लेकर हुआ था विवाद
आरोपी मंगेश दासोर, अकोला निवासी, उसी ट्रेन में यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के दरवाजे पर कौन बैठेगा, इस बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई। गुस्से में आरोपी ने विनोद की छाती पर लात मारकर उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद घायल विनोद को कर्जत उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
 रेलवे पुलिस ने की यात्रियों से अपील
सूचना मिलते ही कर्जत रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मंगेश दासोर को ठाणे रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। रेलवे पुलिस ने यात्रा के दौरान यात्रियों को संयम बरतने की अपील की है।

 

 

अन्य समाचार