मुख्यपृष्ठखबरेंफिल्मी सितारों की पहली पसंद बने अंधेरी के राजा, दर्शन को उमड़...

फिल्मी सितारों की पहली पसंद बने अंधेरी के राजा, दर्शन को उमड़ रही भीड़

रविन्द्र मिश्रा  / मुंबई

मुंबई का अंधेरी क्षेत्र इन दिनों भक्ति और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर “अंधेरी के राजा” के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। खास बात यह है कि आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ फिल्म और टीवी जगत की दिग्गज हस्तियां भी बाप्पा के दर्शन के लिए लाइन में खड़ी हैं।

60वां हीरक महोत्सव वर्ष मना रही आज़ाद नगर सार्वजनिक उत्सव समिति इस बार और भी भव्य रूप में गणपति बाप्पा का आयोजन कर रही है। समिति के जनसंपर्क अधिकारी उदय सालियन के अनुसार, देश-विदेश से फिल्मी हस्ताएं दर्शन का समय मांग रही हैं ताकि भीड़ कम होने पर वे शांति से दर्शन कर सकें।

फिल्मी दुनिया में आस्था का केंद्र बना अंधेरी का राजा
गणेश जी को “नवसाला पावणारा” यानी “मनोकामना पूर्ण करने वाला” कहा जाता है। यही वजह है कि अंधेरी के राजा का दरबार मान्यता प्राप्त स्थल बन गया है, जहां हर भक्त अपनी प्रार्थना लेकर आता है—चाहे वह एक आम इंसान हो या फिल्मी सितारा। निर्माता अपनी फिल्म की सफलता के लिए, निर्देशक अपने नाम के लिए, अभिनेता अपनी लोकप्रियता के लिए—हर कोई बाप्पा से आशीर्वाद मांग रहा है।

टीवी और फिल्म जगत से बाप्पा के दरबार में हाज़िरी
टीवी सीरियल ‘बड़े घर की छोटी बहू’ और ‘सनम मेरे हमराज’ की पूरी टीम बाप्पा के दर्शन को पहुंची। कलाकार ईशा मालवीय, प्रियंका सिब्बल, कीर्ति चौधरी, सिद्धार्थ सिब्बल, रामदीप कौर, रीबो, रीमा लहरी, गोविन्द वंशल, ऋतुपर्णा सेन, सोहन खिलवानी, अधिक मेहता, काजल शर्मा, नितिन गोस्वामी, रनदीप होंडा जैसे नामी चेहरे बाप्पा के चरणों में नतमस्तक हुए।

ममता कुलकर्णी ने बतौर ‘महामंडलेश्वर’ लिया आशीर्वाद
90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी, जिन्होंने फिल्मी दुनिया से संन्यास लेकर आध्यात्मिक जीवन अपना लिया है, वह भी महामंडलेश्वर के रूप में बाप्पा के दर्शन को पहुंचीं और प्रसाद ग्रहण कर अपने आश्रम लौट गईं।

विदेश से भी जुड़ रहे हैं भक्त
फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका से लाइव जुड़कर बाप्पा का आशीर्वाद लिया। वहीं क्रिकेट जगत के मशहूर खिलाड़ी चंद्रकांत पंडित ने भी मंडप में आकर दर्शन किए।

भक्तों का कहना – “यहां मांगी मुराद कभी खाली नहीं जाती”
अंधेरी के राजा का ऐसा विश्वास है कि लोग अपने परिवार के साथ-साथ दोस्तों और पड़ोसियों को भी यहां आने की सलाह देते हैं। दर्शन के लिए अभी भी कई फिल्मी और टीवी जगत की हस्तियां अपनी बारी का इंतज़ार कर रही हैं।

अन्य समाचार