मुख्यपृष्ठखेलअवध की टे टे प्रतियोगिता में राणा प्रताप कॉलेज व अविवि बना...

अवध की टे टे प्रतियोगिता में राणा प्रताप कॉलेज व अविवि बना विजेता

 सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

डॉक्टर राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबंध अयोध्या परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों में स्थित महाविद्यालयों की टेबल टेनिस (टे टे) प्रतियोगिता में मेजबान सुल्तानपुर जिले के राणा प्रताप पीजी कालेज की महिलाओं ने परचम बुलंद कर अपने वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं पुरुष वर्ग में अवध विश्वविद्यालय परिसर ने मेजबान गनपत सहाय पीजी कालेज को हराकर फाइनल में जीत दर्ज की है।
इस बार सुल्तानपुर के गनपतसहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पयागीपुर स्थित मुख्य परिसर में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या द्वारा अन्तर महाविद्यालयीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । शुक्रवार को प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय प्रबंधक ओमप्रकाश पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय प्राचार्य प्रो अंग्रेज सिंह राणा एवं विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में प्रो. प्रवीण कुमार सिंह एवं डॉ विक्रम सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में राणाप्रताप पी.जी. कॉलेज सुल्तानपुर विजेता रही, जबकि उप विजेता आवासीय परिसर डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या रहीं। पुरुष वर्ग में आवासीय परिसर डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय विजेता रही, जबकि उप विजेता गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुल्तानपुर रही। इस प्रतियोगिता में आवासीय परिसर विश्वविद्यालय अयोध्या, गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुल्तानपुर, राणा प्रताप पी.जी. कालेज सुल्तानपुर, बाबा विश्वनाथ पी.जी. कॉलेज सुल्तानपुर के ३० खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।। समापन समारोह में गनपत सहाय कालेज के प्राचार्य प्रो अंग्रेज सिंह राणा ने खिलाड़ियों को ट्राफी व पदक से सम्मानित किया। प्रतियोगिता में निर्याणक की भूमिका मो. सईद एवं प्रमोद सिंह यादव ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ विष्णु शंकर अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर आयोजन सचिव डॉ रवींद्र कुमार शुक्ल, डॉ विक्रमादित्य, डॉ अरविंद द्विवेदी, किशोर भटनागर एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

अन्य समाचार