-बहन की 21 जून को होनी है शादी
राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के लालपुर थाना क्षेत्र में घूरपुर-प्रतापपुर मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद सुपारी बाग, सेमरी गांव के समीप हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे दोस्त ने गुरुवार दोपहर बाद एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान लालपुर थाना क्षेत्र के पंडुआ गांव निवासी 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ विजय पुत्र रामनगीना और बृजेश पुत्र सुखराम के रूप में हुई है। बृजेश की गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और बोलेरो दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
21 जून को है बहन की शादी
बताया जाता है कि हादसे में मारे गए गुड्डू उर्फ विजय की बहन की शादी 21 जून को तय है। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह अपने साथी बृजेश के साथ बाइक से निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लालपुर पुलिस का कहना है कि फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
