मुख्यपृष्ठअपराधगढ़वा में बाइक छीनकर भागे लुटेरों ने एमपी के विंध्यनगर में ज्वेलरी...

गढ़वा में बाइक छीनकर भागे लुटेरों ने एमपी के विंध्यनगर में ज्वेलरी शॉप में डाला डाका

-डाका डालकर भाग रहे लुटेरे का यूपी में पुलिस से मुठभेड़…बाइक और सोना सहित नकद भी बरामद

अनिल मिश्र / गढ़वा

झारखंड प्रदेश के गढ़वा जिले की पुलिस ने रंका थाना एवं हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाईक लूटकांड का खुलासा कर लिया है। इस बीच पुलिस ने लूटकांड में शामिल सोनू उर्फ साबिर अंसारी नामक एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी मुठभेड़ में घायल है और तीसरा फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से रोनीन बाईक, 15.33 ग्राम सोना एवं 35 सौ रुपये बरामद कर लिया है। इसका खुलासा एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने की है। वे रविवार को अपने कार्यकाल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एसडीपीओ के अनुसा,र गत 12 सितंबर को रंका थाना क्षेत्र एवं 13 सितंबर को हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में एक-एक बाईक की लूट हुई थी। बाईक लूट के बाद पुलिस को आशंका थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। एसपी के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट किया गया और मामले का उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।
गढ़वा से निकली बाईक, एमपी की ज्वेलरी शॉप में पहुंची
जांच में सामने आया कि तीन अपराधी रोनीन बाईक से गढ़वा-मझिआंव मोड़ और कांडी होते हुए हरिहरपुर ओपी क्षेत्र पहुंचे थे। यहां बाईक लूटने के बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों से फरार हुये। दो अपराधी रोनीन बाईक से भवनाथपुर होते हुये श्री बंशीधर नगर की ओर निकले, जबकि एक अपराधी लूटी गई अपाची बाईक लेकर झगराखांड़-खरौंधी की तरफ चला गया। इसके बाद 18 सितंबर को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में डकैती हो गई। डकैती में इस्तेमाल दो सफेद अपाची बाईक पुलिस ने बरामद की। घटना के बाद भागने के दौरान एक आरोपी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के अनपारा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
घायल आरोपी को इलाज के लिये रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इस संबंध में गढ़वा एसडीपीओ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा पुलिस की टीम रॉबर्ट्सगंज अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम रौशन कुमार, पिता विजय राम, ग्राम चिल्काटांड़, थाना शक्तिनगर, जिला सोनभद्र बताया। एसडीपीओ के अनुसार, रौशन कुमार पहले भी श्री बंशीधर नगर में राधाकृष्ण ज्वेलर्स के मालिक को गोली मारकर लूटने के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में वह जेल से बाहर आया था।
पूछताछ में रौशन ने रंका और हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में हुई बाईक लूट में अपनी संलिप्तता बताई और इस वारदात में सोनू उर्फ शाबीर अंसारी तथा शमशाद अंसारी के शामिल होने की जानकारी दी।रौशन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर को सोनू उर्फ शाबीर अंसारी (29) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सोनू ने भी बाईक लूट और कंचन ज्वेलर्स डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर शमशाद अंसारी के ससुराल ग्राम नयाखांड़ जाने वाले रास्ते से रोनीन बाईक, 15.33 ग्राम सोना एवं 35 सौ रुपए नकद बरामद किय गये।
तीन जगहों पर बड़ी लूट की थी तैयारी!
एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह के अनुसार पूछताछ में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोपियों की कथित योजना रमना थाना क्षेत्र के एक सोना व्यवसायी, गढ़वा के नवल अलंकार ज्वेलर्स एवं डालटनगंज स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र को निशाना बनाने की थी। हालांकि, पुलिस की बढ़ी हुई सतर्कता के कारण आरोपियों ने इन स्थानों पर वारदात की योजना छोड़ दी। इसके बाद मध्य प्रदेश के विन्ध्यनगर और उत्तर प्रदेश के अनपारा क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम दिया गया। इस बाईक लूट के मामले में सोनू उर्फ शाबीर अंसारी गिरफ्तार है। रौशन कुमार मुठभेड़ में घायल है और उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं शमशाद अंसारी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी पूर्व की वारदातों से जुड़े तथ्य सामने आने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास गढ़वा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मध्य प्रदेश के सिंगरौली से भी जुड़ा है। रौशन कुमार के खिलाफ गढ़वा, शक्तिनगर, नगर ऊंटारी, विन्ध्यनगर और अनपारा समेत विभिन्न थानों में मामले दर्ज बताये गये हैं। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, भवनाथपुर के गुलाब सिंह, नगर ऊंटारी के थाना प्रभारी अविनाश राज, हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम, खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, विशुनपुरा के थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्या समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। साथ ही इस कार्रवाई में मध्य प्रदेश की विन्ध्यनगर थाना पुलिस का भी सहयोग रहा।

अन्य समाचार