मुख्यपृष्ठनए समाचार5 करोड़ की ठगी करने वाले चीन-हांगकांग से जुड़े साइबर फ्रॉड गैंग...

5 करोड़ की ठगी करने वाले चीन-हांगकांग से जुड़े साइबर फ्रॉड गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तर प्रदेश की भदोही पुलिस ने सात सदस्यों वाले साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश कर उन्हें गिरफ्तार किया है। यह गिरोह चीन और हांगकांग से जुड़े नेटवर्क के जरिए लोगों को निवेश ऐप और क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी में फंसाकर 5 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर चुका है। पुलिस ने मोबाइल, एटीएम कार्ड, चैट और एपीके फाइल समेत कई सबूत जब्त किए हैं। साइबर अपराध को लेकर भदोही पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछ-ताछ किया तब सात सदस्यों वाले गिरोह ने कुबूल किया कि गिरोह चीन और हांगकांग के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह पर 100 से अधिक शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) में दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि साइबर क्राइम टीम को इस गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। पड़ताल के दौरान यह पता चला कि यह गिरोह करीब 5 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर चुका है। गिरोह का नेटवर्क कई प्रदेशों में फैला हुआ है। गिरोह निवेश ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से सीधे-साधे लोगों को झांसे में लेकर रुपए जल्दी दुगना करने का लालच देकर उनके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवा रहा था। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर अमेजॉन वॉलेट में पैसे निकालने का भी यह गिरोह करता था। पुलिस ने बताया कि गिरोह चीन और हांगकांग से संचालित साइबर फ्रॉड के टेलीग्राम नेटवर्क से जुड़ा था।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 10 मोबाइल, 10 एटीएम कार्ड, 5,000 रुपए, एक कार और कई चैट और एपीके फाइल से संबंधित डेटा जब्त किया है। गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है। यह मामला साइबर फ्रॉड और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अपराध की गंभीरता को उजागर करता है। भदोही पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से कई लोगों को धोखाधड़ी से बचाया जा सका है।

अन्य समाचार