सगीर अंसारी / मुंबई
गोवंडी क्षेत्र में क्रिकेट सिखाने के नाम पर एक १३ वर्षीय नाबालिग लड़की का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, ४० वर्षीय आरोपी कोच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवनार पुलिस स्टेशन की हद में आने वाले एक मनपा मैदान में आरोपी बच्चों को क्रिकेट सिखाता है। वहां पीड़ित लड़की भी क्रिकेट सीखने आती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बहला-फुसला कर पीड़िता का कुछ दिन पहले यौन शोषण किया था। उसने कल दोबारा अपनी हवस को मिटाने के लिए पीड़िता पर दबाव बनाया, लेकिन पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पंतनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें इस घटना की जानकारी दी। चूंकि घटना देवनार पुलिस स्टेशन की हद में हुई थी, इसलिए पंतनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर इसे देवनार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। इसके बाद देवनार पुलिस ने अपनी आगे की जांच शुरू करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज कर आरोपी कोच को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी रणजी ट्रॉफी भी खेल चुका है।
