टीवी अभिनेत्री शिखा सिंह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इंडस्ट्री में अपने कास्टिंग काउच के अनुभव को साझा किया। ‘कुमकुम भाग्य’ फेम शिखा ने बताया कि बॉलीवुड में दिया गया उनका पहला ऑडिशन ही आखिरी साबित हुआ। उन्होंने कहा, ‘वह मेरा पहला और आखिरी ऑडिशन था। वह फिल्ममेकर-डायरेक्टर सोफे पर बैठे थे और धीरे-धीरे मेरे पास आए। उन्होंने अपना हाथ यहां रखा।’ साथ ही उन्होंने कहा कि शिखा में हीरोइन बनने की पूरी क्षमता है। इस घटना से आहत होकर शिखा ने तुरंत वहां से निकलने का फैसला किया और फिर कभी किसी फिल्म के लिए ऑडिशन नहीं दिया। उन्होंने बॉलीवुड के बजाय टीवी इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने का निर्णय लिया। शिखा सिंह ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ से की थी। इसके बाद ‘मेरी डोली तेरे अंगना’, ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’, ‘ना आना इस देस लाडो’ और ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी पहचान बनाई।
