हिमांशु राज
अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने हाल ही में अपनी बहन शिल्पा शेट्टी के साथ आध्यात्मिकता से जुड़ी दो दिवसीय यात्रा पूरी की, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र के तीन प्रमुख तीर्थस्थलों – सप्तशृंगी देवी मंदिर, शिर्डी और त्र्यंबकेश्वर – में दर्शन कर मां के आशीर्वाद प्राप्त किए।भगवा साड़ी में सजी शमिता की यह यात्रा पूर्ण रूप से भक्ति और सादगी से भरी रही। सप्तशृंगी देवी के दरबार में नमन करने के बाद उन्होंने साई बाबा की नगरी शिर्डी में श्रद्धा से माथा टेका और अंत में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करके अपनी यात्रा का समापन किया। हर स्थल पर उनकी अगाध आस्था और शांति का भाव उनके चेहरे पर झलकता नजर आया।शमिता ने इस आध्यात्मिक अनुभव की झलकियां अपने इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा कि “सप्तशृंगी देवी मंदिर, शिर्डी और त्र्यंबकेश्वर की यात्रा में बिताए गए दो खूबसूरत दिन।” इन तस्वीरों में वह पूरी तरह से दिव्यता में डूबी दिखाई दीं।फिल्मी दुनिया में अपनी सौम्यता और दृढ़ता के लिए पहचानी जाने वाली शमिता ने इस यात्रा से यह संदेश दिया कि प्रसिद्धि और आस्था का संगम इंसान को भीतर से संतुलित करता है। उनकी यह भक्ति-यात्रा न सिर्फ आत्मिक शांति की मिसाल बनी, बल्कि यह भी दिखाया कि चमक-दमक के बावजूद सादगी में ही सच्चा संतोष छिपा है।
