– सिंधुदुर्ग जिला सहकारी बैंक में करोड़ों की धोखाधड़ी
-राणे ने अपात्र लोगों को बड़ी संख्या में लोन दिलवाए
– मंत्री का जवाब, ‘मैं ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं लेता’
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार में शामिल तीनों दल मौका मिलते ही एक-दूसरे पर कीचड़ उछालने से बाज नहीं आते। अब शिंदे गुट ने बाजपाई मंत्री नितेश राणे पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि वे सिंधुदुर्ग बैंक घोटाले के ‘मास्टरमाइंड’ हैं। शिंदे गुट के नेता राजन तेली ने राणे पर यह बड़ा हमला बोला है। तेली ने आरोप लगाया है कि सिंधुदुर्ग जिला केंद्रीय सहकारी बैंक में हुए करोड़ों रुपए के कर्ज घोटाले के पीछे नितेश राणे हैं। उन्होंने बैंक के निदेशक और अध्यक्ष पर दबाव डालकर करोड़ों रुपए के कर्ज दिलवाए। तेली के अनुसार, बड़ी रकम को अपात्र व्यक्तियों और संस्थाओं को बांटा गया, जिससे बैंक और सहकारी क्षेत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर संकट पैदा हुआ।
बता दें कि हाल ही में शिंदे गुट में शामिल हुए पूर्व विधायक राजन तेली ने ये गंभीर आरोप लगाए हैं। तेली ने दावा किया कि मंत्री राणे ने ‘रॉकस्टार’ नामक एक कंपनी को पहले ६.५ करोड़ और फिर १० करोड़ रुपए का कर्ज दिलवाया। तेली के मुताबिक, महज २०,००० रुपए मासिक वेतन पाने वाले एक निजी सहायक को भी ७.५ करोड़ रुपए का कर्ज दिया गया। तेली ने आरोप लगाया कि बैंक के निदेशक रहे नितेश राणे, अध्यक्ष और सीईओ पर दबाव डालकर भारी मात्रा में ऋण वितरित करवाते थे। इस संबंध में नाबार्ड, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार और स्थानीय पुलिस को शिकायतें दी गर्इं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
मंत्री राणे का जवाब
नितेश राणे ने तेली के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मैं उस व्यक्ति के आरोपों को गंभीरता से नहीं लेता, जिसके खिलाफ खुद सीबीआई जांच चल रही है। राणे ने कहा कि बैंक और पुलिस उनके खिलाफ लगे आरोपों का जवाब देगी और जांच होने दी जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
