मुख्यपृष्ठनए समाचारकोकण में शिंदे का होगा सफाया...भाजपा ने अकेले लड़ने पर दिया जोर...नितेश...

कोकण में शिंदे का होगा सफाया…भाजपा ने अकेले लड़ने पर दिया जोर…नितेश राणे की शिंदे गुट को चेतावनी

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य में आगामी स्थानीय निकायों के चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने मुद्दों और रणनीतियों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे हैं। इसी बीच महायुति में खटपट खुलकर सामने आ गई है। भाजपा ने अब तय कर लिया है कि वह शिंदे गुट के बड़बोले नेताओं को सबक सिखाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने कोकण में शिंदे गुट के दो प्रमुख चेहरे मंत्री उदय सामंत और पूर्व मंत्री दीपक केसरकर को झटका देने की योजना बनाई है। कोकण में भाजपा, शिंदे गुट का सफाया करने की तैयारी में है।
भाजपा की सिंधुदुर्ग रणनीति अब पूरे कोकण में लागू की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, राज्य नेतृत्व ने स्थानीय स्तर पर मजबूत नेताओं को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की छूट देने का संकेत दिया है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा अब शिंदे गुट की बढ़ती दादागीरी को रोकने के मूड में है। भाजपा मंत्री नितेश राणे ने खुले शब्दों में कहा है कि सिंधुदुर्ग में भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। राणे ने कहा कि हर किसी को अपनी संगठनात्मक ताकत बढ़ाने का मौका मिलना चाहिए इसलिए भाजपा अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। दरअसल, एक दिन पहले मंत्री उदय सामंत ने एकनाथ शिंदे गुट की ताकत दिखाने वाला बयान दिया था। इसके बाद भाजपा खेमे में नाराजगी बढ़ी। राणे के अकेले दम पर चुनाव लड़ने वाले बयान को सामंत के लिए अप्रत्यक्ष जवाब माना जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि भाजपा अब कोकण में शिंदे गुट की पकड़ कमजोर करने के लिए जमीन तैयार कर रही है। यहां राणे ने साफ कहा कि हम परिपक्व लोग हैं, हमें राज्य के हित के लिए कल साथ आना है। इस बयान के पीछे छिपा संदेश साफ है कि भाजपा शिंदे गुट के साथ जरूर है, पर शिंदे गुट पर निर्भर नहीं है।

अन्य समाचार