-अपने ही गढ़ में नहीं मिला सम्मान
-शिवसेना ने कसा तंज, `क्या अब शिंदे गांव चले जाएंगे’
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच अब सहयोगी दलों के बीच खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को नई मुंबई के एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम से कथित तौर पर दूर रखे जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने शिंदे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नाराज होकर वह करेंगे भी क्या? ज्यादा से ज्यादा दो-तीन दिन गांव चले जाएंगे।’ दानवे ने कहा कि नई मुंबई, ठाणे जिले का हिस्सा है और एकनाथ शिंदे इस जिले के पालकमंत्री रहे हैं। ऐसे में उनके ही प्रभाव क्षेत्र के कार्यक्रम में उन्हें महत्व न दिया जाना यह दिखाता है कि सत्ता के भीतर उन्हें व्यवस्थित तरीके से किनारे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे साफ संकेत मिलता है कि सत्ता में बैठे कुछ लोग अब शिंदे को महत्व नहीं देना चाहते।
दानवे ने महायुति की अंदरूनी स्थिति पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन की हालत ‘तुमसे बनती नहीं और तुम्हारे बिना चलती नहीं’ जैसी हो गई है। दोनों दल एक-दूसरे को कमजोर करने और राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।
