मुख्यपृष्ठनए समाचारबाढ़ पीड़ितों के लिए सड़क पर उतरेगी शिवसेना!.. कल से मराठवाड़ा में...

बाढ़ पीड़ितों के लिए सड़क पर उतरेगी शिवसेना!.. कल से मराठवाड़ा में किसान हक में ‘दहाड़’ मोर्चा… उद्धव ठाकरे करेंगे नेतृत्व

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में सबको भोजन देने वाला किसान भारी बारिश से आई बाढ़ के कारण बर्बाद हो गया है। उसकी खेती और घर-बार पानी में बह गया। आंसू भरी आंखों से तड़पते हुए वह ‘महायुति सरकार’ से मदद मांग रहा है, लेकिन यह निर्दयी सरकार उसकी फरियाद सुनने को तैयार नहीं है। इसीलिए शिवसेना किसानों की मदद के लिए दौड़ी गई है। किसानों की आवाज इस बहरी सरकार तक पहुंचाने के लिए शिवसेना ‘दहाड़’ लगाने जा रही है। कल से इस ‘दहाड़’ मोर्चे की शुरुआत हो रही है। किसानों को तत्काल आर्थिक मदद और कर्ज मुक्ति दिलाने की मांग के साथ शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे आगामी ११ अक्टूबर को इस मोर्चे का नेतृत्व करेंगे।
मूसलाधार बारिश से पीड़ित मराठवाड़ा के किसानों को तुरंत प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिले, पूर्ण कर्ज मुक्ति दी जाए, पंजाब सरकार की तरह प्रति हेक्टेयर ५० हजार रुपए दिए जाएं, फसल बीमा के नए मानदंड रद्द करके पहले के मानदंड ही बनाए रखे जाएं, घरों और पशुधन की क्षतिपूर्ति तत्काल दी जाए, इन सभी मांगों के लिए ५ से ११ अक्टूबर के बीच शिवसेना की ओर से मराठवाड़ा में आंदोलन किया जाएगा। इस तरह की जानकारी शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने दी।
ऐसी है तैयारी
५ से ७ अक्टूबर : ग्राम सभाएं, गांव भ्रमण और गांव में बैठकें
८ अक्टूबर : हर तहसील और जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन
११ अक्टूबर : छत्रपति संभाजीनगर में विभागीय आयुक्त कार्यालय पर ‘दहाड़’ मोर्चा

अन्य समाचार