शीतल अवस्थी
हिंदू धर्म परंपराओं में भगवान शिव का सोमवार को किया गया शिव पूजन, व्रत और उपवास बहुत शुभ फलदायी होता है। शास्त्रों में शिव नाम का भाव व मतलब ही कल्याण करने वाला बताया गया है। इसलिए शिव भक्ति की तिथियों व दिनों जैसे सोमवार, चतुर्दशी, अष्टमी ज्योतिष शास्त्रों में भी बहुत शुभ बताई गई हैं।
खासतौर पर भाद्रपद महीने में सोमवार और विष्णु अवतार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर ज्योतिष शास्त्रों में शिव पूजा के द्वारा कई ग्रह दोष और उनकी पीड़ाओं से मुक्ति की चाहत से हर राशि के व्यक्ति के लिए भगवान शिव की उपासना के विशेष उपाय उजागर हैं। इनका शिव आराधना के समय पालन करने पर हर कोई मनचाहा फल पा सकता है। वैसे सभी राशि के लोग शिव पूजा किसी भी विधि से कर सकते हैं। लेकिन यहां बताए जा रहे शिव पूजा के खास उपाय मंगलकारी व अचूक माने गए हैं।
सबसे पहले हर राशि का व्यक्ति शिव पूजन से पहले काले तिल जल में मिलाकर स्नान करे। शिव पूजा में कनेर, मौलसिरी और बेलपत्र जरूर चढ़ावें। इसके अलावा जानिए के किस व्यक्ति को किस पूजा सामग्री से शिव पूजा अधिक शुभ फल देती है –
मेष- इस राशि के व्यक्ति जल में गुड़ मिलाकर शिव का अभिषेक करें। शक्कर या गुड़ की मीठी रोटी बनाकर शिव को भोग लगाएं। लाल चंदन व कनेर के फूल चढ़ावें। यह शिव मंत्र बोले- ॐ पशुपतये नम:
वृष- इस राशि के लोगों के लिए दही से शिव का अभिषेक शुभ फल देता है। इसके अलावा चावल, सफेद चंदन, सफेद फूल और अक्षत यानी चावल चढ़ावें। शिव मंत्र- ॐ शर्वाय नम:
मिथुन- इस राशि का व्यक्ति गन्ने के रस से शिव अभिषेक करे। अन्य पूजा सामग्री में मूंग, दूर्वा और कुशा भी अर्पित करें। शिव मंत्र – ॐ विरूपाक्षाय नम:
कर्क- इस राशि के शिवभक्त घी से भगवान शिव का अभिषेक करें। साथ ही कच्चा दूध, सफेद आंकड़े का फूल और शंखपुष्पी भी चढ़ावें। शिव मंत्र- ॐ महेश्वराय नम:
सिंह- सिंह राशि के व्यक्ति गुड़ के जल से शिव अभिषेक करें। वह गुड़ और चावल से बनी खीर का भोग शिव को लगाएं। गेहूं और मंदार के फूल भी चढ़ाएं। शिव मंत्र- ॐ अघोराय नम:
कन्या- इस राशि के व्यक्ति गन्ने के रस से शिवलिंग का अभिषेक करें। शिव को भांग, दुर्वा व पान चढ़ाएं। शिव मंत्र- ॐ त्र्यम्बकाय नम:
तुला- इस राशि के जातक इत्र या सुगंधित तेल से शिव का अभिषेक करें और दही, शहद और श्रीखंड का प्रसाद चढ़ाएं। सफेद फूल भी पूजा में शिव को अर्पित करें। शिव मंत्र- ॐ ईशानाय नम:
वृश्चिक- पंचामृत से शिव का अभिषेक वृश्चिक राशि के जातकों के लिए शीघ्र फल देने वाला माना जाता है। साथ ही लाल फूल भी शिव को जरुर चढ़ाएं। शिव मंत्र- ॐ विश्वरूपिणे नम:
धनु- इस राशि के जातक दूध में हल्दी मिलाकर शिव का अभिषेक करे। भगवान को चने के आटे और मिश्री से मिठाई तैयार कर भोग लगाएं। पीले या गेंदे के फूल पूजा में अर्पित करें। शिव मंत्र- ॐ शूलपाणये नम:
मकर- नारियल के पानी से शिव का अभिषेक मकर राशि के जातकों को विशेष फल देता है। साथ ही उड़द की दाल से तैयार मिष्ठान्न का भगवान को भोग लगाएं। नीले कमल का फूल भी भगवान का चढ़ाएं। शिव मंत्र- ॐ भैरवाय नम:
कुंभ- इस राशि के व्यक्ति को तिल के तेल से अभिषेक करना चाहिए। उड़द से बनी मिठाई का भोग लगाएं और शमी के फूल से पूजा में अर्पित करें। यह शनि पीड़ा को भी कम करता है। शिव मंत्र- ॐ कपर्दिने नम:
मीन- इस राशि के जातक दूध में केशर मिलाकर शिव पर चढ़ाएं। भात और दही मिलाकर भोग लगाएं। पीली सरसों और नागकेसर से शिव का चढ़ाएं। शिव मंत्र- ॐ सदाशिवाय नम:
