सोम मिश्रा “शिवम”
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सक्रिय नेतृत्व में राज्य सरकार ने खेलों के विकास को प्राथमिकता दी है। स्पोर्ट्स पॉलिसी २०२५ के तहत सरकार का लक्ष्य है कि जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया जाए और राजनीति से दूर एक मज़बूत खेल व्यवस्था बनाई जाए। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने तेलंगाना स्पोर्ट्स हब के लिए बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का गठन किया है।
इसमें एक खास नियुक्ति के तहत उपासना कामिनेनी कोनीडोला को बोर्ड की सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपासना यूआर लाइफ की मैनेजिंग डायरेक्टर और अपोलो हॉस्पिटल्स की सीएसआर की वाइस चेयरपर्सन हैं। वह एक सफल उद्यमी और वेलनेस (स्वास्थ्य और फिटनेस) को बढ़ावा देने वाली जानी-मानी शख्सियत हैं। उनका चयन यह दिखाता है कि सरकार खेलों में स्वास्थ्य और समग्र विकास को साथ लेकर चलने की दिशा में काम कर रही है। उपासना की भागीदारी से खिलाड़ियों की भलाई, खेल शिक्षा और टिकाऊ विकास जैसे पहलुओं को नया दृष्टिकोण मिलेगा। यह उम्मीद की जा रही है कि उनके योगदान से तेलंगाना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। इस पहल के ज़रिए सरकार निजी और सार्वजनिक भागीदारी (पीपीपी) को बढ़ावा देना चाहती है, जिसमें खेल और प्रशासन में अनुभव रखने वाले कॉर्पोरेट और प्रमुख हस्तियों को जोड़ा जा रहा है। यह बोर्ड तेलंगाना स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड (टीएसडीएफ) की निगरानी करेगा और सुनिश्चित करेगा कि संसाधनों का सही और पारदर्शी उपयोग हो।
