मुख्यपृष्ठनए समाचार`सर जी, वादा कब होगा पूरा?'... अभ्यर्थियों का सवाल सुन सकपकाए सीएम!

`सर जी, वादा कब होगा पूरा?’… अभ्यर्थियों का सवाल सुन सकपकाए सीएम!

– जवाब दिए बिना चलते बने नीतीश कुमार

-लाइब्रेरियन वेकेंसी को लेकर युवकों ने पूछा था प्रश्न

बिहार में चुनावी माहौल गर्म है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सवालों की बौछार तेज हो गई है। बख्तियारपुर में एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने युवाओं की नाराजगी को सबके सामने ला दिया। यहां युवाओं ने बिहार में ६,५०० लाइब्रेरियन पद की बहाली को लेकर सीधे मुख्यमंत्री से सवाल पूछ लिया। उस समय सीएम नीतीश कुमार सकपकाए नजर आए।
बता दें कि बख्तियारपुर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान अचानक कुछ युवाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेर लिया। वे लाइब्रेरियन पद की भर्ती को लेकर सवाल करने लगे। सीएम कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे, लेकिन युवाओं ने उन्हें रोक लिया और उनपर सवालों की बौछार कर दी। इस दौरान मुख्यमंत्री का चेहरा थोड़ा असहज हो गया। दरअसल, लाइब्रेरियन पद की बहाली को लेकर युवाओं में गहरी नाराजगी है। कई बार भर्ती का वादा किया गया, लेकिन आज तक कोई नोटिफिकेशन नहीं आया। युवाओं का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। बेरोजगारी की मार झेल रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं की आवाज ने साफ कर दिया कि वे अब चुप नहीं रहेंगे।
६,५०० लाइब्रेरियन के पद जारी करने की हुई थी घोषणा
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने पहले लाइब्रेरियन पद की भर्ती का वादा किया था, लेकिन अभी तक न तो नोटिफिकेशन आया और न ही कोई ठोस पहल की गई। युवाओं ने मुख्यमंत्री से सवाल किया ‘सर, आप वादा कर चुके हैं, फिर अब तक भर्ती क्यों नहीं हुई? आपने बिहार में ६,५०० लाइब्रेरियन के पद जारी करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक नोटिफिकेशन नहीं आया।’ लेकिन तभी स्थिति संभालते हुए पटना प्रमंडल के आयुक्त चंद्रशेखर ने उन्हें भरोसा दिलाया, ‘हो जाएगा, हो जाएगा।’ लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया और चुपचाप आगे बढ़ गए।

अन्य समाचार