-उपायुक्त अमरसिंह जाधव के नेतृत्व में २३ अधिकारी करेंगे जांच
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना के मानपाड़ा विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की जांच के लिए ठाणे पुलिस ने गुरुवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के आदेश पर यह विशेष जांच दल बनाया गया है। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव के नेतृत्व में यह दल काम करेगा। इसमें २३ अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
प्रदीप पूर्णेकर की मंगलवार रात निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्या मामले में कुल पांच आरोपियों में से पप्प्या शिंदे नामक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य चार आरोपी अब भी फरार हैं। मानपाड़ा के गणेशनगर में जिस कार्यालय के पास प्रदीप पूर्णेकर की हत्या हुई थी, उस घटनास्थल का भी कल एसआईटी ने निरीक्षण किया। शिवसेना के मानपाड़ा क्षेत्र के विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की निर्मम हत्या के बाद शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल ठाणे पहुंचकर पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने हत्या के मामले में चल रही पुलिस जांच के संबंध में भी जानकारी ली।
तीन महिलाओं सहित पांच लोग हिरासत में
ठाणे अपराध शाखा ने गुरुवार देर रात मीरागांव स्थित मीरा डाकघर के पीछे एक इमारत पर छापा मारकर तीन महिलाओं स्Aाहित पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, ये पांचों लोग पूर्णेकर हत्याकांड से पहले हत्या के आरोपी पप्प्या शिंदे के संपर्क में थे। पुलिस इनसे हत्या की साजिश में संभावित भूमिका तथा आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
बता दें कि पूर्णेकर के पुत्र राम ने आरोप लगाया है कि इस हत्याकांड के कथित सूत्रधार शिंदे गुट की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे अभी भी खुले घूम रहे हैं। मामले की जांच जारी है और उनकी भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। शिवसेना के मानपाड़ा क्षेत्र के विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की निर्मम हत्या के बाद शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल ठाणे पहुंचकर पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने हत्या के मामले में चल रही पुलिस जांच के संबंध में भी जानकारी ली। इस अवसर पर शिवसेना नेता एवं सांसद अरविंद सावंत, शिवसेना नेता राजन विचारे, विधायक व अधिवक्ता अनिल परब, शिवसेना सचिव एवं विधायक मिलिंद नार्वेकर, जिलाप्रमुख केदार दिघे, महिला जिलासंगठक रेखा खोपकर सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक और महिला मोर्चे की कार्यकर्ता उपस्थित थीं। प्रदीप पूर्णेकर की पत्नी वैजयंती ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे पति की हत्या की साजिश रचने वाली मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे को आरोपी बनाया जाए। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे तथा शिवसेना नेता एवं सांसद संजय राऊत ने मंगलवार को कापुरबावड़ी पुलिस थाने पहुंचकर पुलिस से जवाब मांगा। इसके बाद पूरक बयान के आधार पर मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे के नाम प्राथमिकी में शामिल किए गए। पूर्णेकर के दामाद किरण डोंगरे ने उद्धव ठाकरे के सामने इस घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में पुलिस टालमटोल कर रही थी। लेकिन आदित्य ठाकरे और संजय राऊत दोनों पुलिस थाने पहुंचे।
पूर्णेकर परिवार की बेटी निशिता ने कहा कि उनका परिवार भारी दबाव में है और उन्हें धमकियां भी मिली हैं। अब घर में रहने में भी डर लगता है।
उद्धव ठाकरे ने पूर्णेकर परिवार को दी सांत्वना
`जब तक अपराधियों को
फांसी नहीं होती, शांत नहीं बैठेंगे’
पूर्णेकर परिवार अकेला नहीं है, पूरा शिवसेना परिवार आपके साथ मजबूती से खड़ा है। कोई भी बच नहीं पाएगा। हत्या किसने की, इसका पता लगाया जाएगा। घटना की जड़ तक जाएंगे और जब तक अपराधियों को फांसी नहीं हो जाती तब तक शांत नहीं बैठेंगे, ऐसे शब्दों में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने पूर्णेकर परिवार को ढांढस बंधाया।
