मुख्यपृष्ठखबरेंगणेशोत्सव के दौरान ३ तड़ीपार बदमाश पुलिस की गिरफ्त में

गणेशोत्सव के दौरान ३ तड़ीपार बदमाश पुलिस की गिरफ्त में

सुरेश गोलानी / मुंबई
गणेशोत्सव के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट द्वारा कड़ी निगरानी और कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान तड़ीपारी आदेशों का उल्लंघन कर शहर में खुलेआम घूम रहे तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपराधियों की पहचान सरफराज मेहबूब राईन, वसीम खलील अंसारी और हसन कमरुजमा अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस उप आयुक्त (परिमंडल-१) ने इन अपराधियों को ठाणे, पालघर, मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिलों की सीमाओं से तड़ीपार किया था। इसके बावजूद, इन आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए ये आरोपी प्रतिबंधित क्षेत्र यानी मीरा-भायंदर में बेखौफ घूम रहे थे।
क्राइम ब्रांच यूनिट ने पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार शिंदे के नेतृत्व में गणेशोत्सव के दौरान एक विशेष तलाशी अभियान चलाया था। इस मामले में तीनों के खिलाफ मीरा रोड और काशीमीरा पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा १४२ के तहत प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
तड़ीपार किए गए अपराधियों का शहर में इस तरह दोबारा घूमना नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल जरूर खड़े करता है, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते तीनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ज्ञात हो कि नयानगर पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन यूनिट ने पिछले हफ्ते एक ही दिन में तीन तड़ीपार गुंडों को अलग-अलग ठिकानों से धर दबोचा था।

अन्य समाचार