मुख्यपृष्ठटॉप समाचाररेक की खरीद में भ्रष्टाचार की बू...३ साल भी नहीं हुए और...

रेक की खरीद में भ्रष्टाचार की बू…३ साल भी नहीं हुए और मेट्रो की छत पर लगी जंग!

– दहिसर से अंधेरी तक चलनेवाली ‘मेट्रो-२ए’ का हाल बेहाल

-प्रशासन ने मेंटेनेंस टीम को किया अलर्ट, चल रही है जांच

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबईकरों के यात्रा के लिए मुंबई मेट्रो एक बेहतरीन विकल्प बन गया है। मगर अब इस मेट्रो की खरीद में भ्रष्टाचार की बू आ रही है। मामला दहिसर से अंधेरी (पश्चिम) जानेवाली मेट्रो-२ए लाइन से जुड़ा है। असल में इस रूट पर चलनेवाली मेट्रो ट्रेन की छत पर जंग लगने लगी है। इससे मेट्रो के निर्माण में भ्रष्टाचार होने की बात यात्री कहने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मेट्रो-२ए की कुछ ट्रेनों की छत पर जंग लगने का मामला सामने आया है। एक यात्री ने इसकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी है। इसके बाद मेट्रो प्रशासन की नींद टूटी और एंटी-रस्ट रिपेयर वर्क शुरू किया गया। यह काम मुंबई मेट्रो ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस कंपनी लिमिटेड कर रही है। बता दें कि मेट्रो लाइन २ए दहिसर से अंधेरी के बीच चलती है और इसके परिचालन को तीन साल से थोड़ा अधिक समय हुआ है। इस रूट से हर रोज हजारों की संख्या में लोग सफर करते हैं। जब इस बारे में मेट्रो के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह सतही जंग है और किसी तरह के बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। यात्रियों के लिए भी खास संदेश जारी किया गया है।

समुद्री हवा का बहाना
एमएमएमओसीएल का कहना है कि दहिसर-अंधेरी वेस्ट रूट पर चलने वाली कुछ ट्रेनों की छतों पर नमी और समुद्री हवा के कारण जंग के निशान पाए गए हैं। यह समस्या पहली बार तीन साल से कम समय में देखने को मिली है, जबकि आमतौर पर मेट्रो लंबे समय तक बिना ऐसी दिक्कतों के चलती हैं।

सतही स्तर पर रस्ट
अधिकारियों का कहना है कि यह रस्ट (जंग) सतही स्तर पर है और किसी संरचनात्मक नुकसान का खतरा नहीं है। कंपनी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन ट्रेनों पर से जंग हटाने के लिए एंटी रस्ट ट्रीटमेंट शुरू कर दिया गया है।

मुंबई के मौसम से लगी जंग!..मेट्रो प्रशासन ने दी सफाई

मुंबई मेट्रो-२ए के कोच की छत पर लगी जंग ने मेट्रो अधिकारियों के होश उड़ा दिए। आनन-फानन में इसकी रिपेयर के आदेश जारी कर दिए गए। एक यात्री ने मेट्रो की छत पर जंग की तस्वीरें शेयर की थीं, जिसके बाद आरटीआई के जरिए यह जानकारी सामने आई। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेनें पूरी तरह से सुरक्षित हैं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। मुंबई के नमी भरे तटीय मौसम की वजह से ट्रेन की छत पर जंग लगने की समस्या आई है। मेट्रो प्रशासन ने बताया कि तकनीकी जांच की गई है और मेंटेनेंस टीम को तत्काल काम पर लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह मेंटेनेंस वर्क है। इसके बाद एक डिटेल जांच भी की जाएगी, ताकि अगर किसी और तरह की समस्या हो तो उसे भी ठीक किया जा सके। मेट्रो प्रशासन ने कहा कि हम यात्रियों को सुरक्षित और आरामदेह सफर का अनुभव देने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं।

अन्य समाचार