अजय भट्टाचार्य
इस साल अप्रैल में पटना की बांकीपुर सीट से भाजपा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट उपचुनाव के लिए खाली है। इस सीट पर तीन दशकों से ज्यादा समय से भाजपा का कब्जा रहा है। जाने-माने चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जिस तरह से बांकीपुर इलाके में गतिविधियां बढ़ा दी हैं उससे संकेत मिलता कि पीके सीट पर होने वाला उपचुनाव लड़ सकते हैं। इसका अंदाजा उनकी मीडिया से हुई गपशप से मिलता है, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ाने का पैâसला करता है, तो वह चुनाव लड़ सकते हैं। भाजपा के गढ़ को तोड़ने के लिए जो भी जरूरी होगा, मैं वह करूंगा। पीके अच्छी तरह जानते हैं कि पार्टी नेतृत्व भी वही हैं, लेकिन बात घुमाकर कहने की कला भी कोई चीज होती है।
दूर से नमस्ते
पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की, लेकिन दोनों के बीच सिर्फ अभिवादन का आदान-प्रदान हुआ और कोई बातचीत नहीं हुई। इस मुलाकात से सिंह की जदयू में संभावित वापसी को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। सिंह लगभग २०-२५ समर्थकों के साथ नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे थे। नीतीश ने हाथ मिलाने से बचते हुए अंदर लौटने से पहले दूर से ही सिंह के अभिवादन का जवाब दिया। कभी जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे सिंह ने २०२२ में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में सिंह ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने और नीतीश कुमार ने इस साल जनवरी में कुर्मी समुदाय के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने आपस में कोई बातचीत नहीं की।
माफिया राज
दतिया के सेवढ़ा के भगुआपुरा थाना क्षेत्र की सिंध नदी से बड़े पैमाने पर अवैध खनन होता है। अवैध रेत खनन रोकने गये उड़नदस्ते पर माफियाओं ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ८-१० युवक टीम की कार का आधा किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा कर रहे हैं, जिससे दस्ते को जान बचाकर भागना पड़ा। माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है, जिससे वे खुलेआम हथियार लहराते हैं और विरोध करने वालों को धमकाते हैं। पुलिस पर भी कार्रवाई न करने के आरोप लग रहे हैं।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)
