‘मिर्जापुर’ में अपनी अदाकारी से छा रहीं सोनल चौहान इन दिनों अपनी फिल्म से ज्यादा अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। एक बातचीत में जब उनसे शादीशुदा कलाकारों के रोमांटिक और किसिंग सीन को लेकर सवाल हुआ, तो सोनल ने दिल की बात बेझिझक कह डाली। सोनल ने माना कि अगर भविष्य में उनका पति फिल्म इंडस्ट्री से हुआ और किसी हीरोइन के साथ रोमांटिक सीन करते वक्त ‘बहक’ गया, तो शायद वह इसे आसानी से स्वीकार नहीं कर पाएंगी। यानी प्यार में थोड़ी जलन तो बनती है! लेकिन असली ट्विस्ट तब आया, जब उनसे पूछा गया कि अगर पति उनके एक्टिंग करियर को लेकर इनसिक्योर हुआ तो क्या वह फिल्में छोड़ देंगी? सोनल ने जवाब दिया कि अगर वह उस शख्स के प्यार में होंगी, तो शायद एक्टिंग भी छोड़ देंगी। उन्होंने साफ कहा कि प्यार में पड़ने के बाद वह बहुत कुछ छोड़ सकती हैं। अब सोनल का यह ‘लव फंडा’ फैंस के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है।
