मुख्यपृष्ठनए समाचाररिहायशी इलाके में बारूद का ढेर...पुलिस ने तीन सगे बाप-बेटों को दबोचा!

रिहायशी इलाके में बारूद का ढेर…पुलिस ने तीन सगे बाप-बेटों को दबोचा!

राजेश सरकार / प्रयागराज

कानून और सुरक्षा की धज्जियां उड़ाते हुए चंद रुपयों के लालच में मासूम लोगों की जिंदगी को बारूद के ढेर पर बिठाने वाले तीन सगे सौदागरों को नैनी पुलिस ने धर दबोचा है। घनी आबादी वाले पाठक मार्केट इलाके में बिना लाइसेंस के अवैध पटाखों का यह काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था। अगर वक्त रहते पुलिस की ‘थर्ड आई’ यानी मुखबिर एक्टिव न होता, तो कभी भी पूरा इलाका श्मशान घाट में तब्दील हो सकता था।
घर के अंदर ‘मौत का सामान’
जानकारी के मुताबिक, नैनी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता खबर मिली थी कि पाठक मार्केट निवासी रमेश केसरवानी और उसके दो बेटे लकी केसरवानी और सक्षम केसरवानी अपने रिहायशी मकान अवंतिका कालोनी के (ईए 01-08) के अंदर अवैध पटाखों का जखीरा छिपाकर बैठे हैं। यह गैंग न सिर्फ इसे थोक में डंप कर रहा था, बल्कि आसपास के बेकसूर लोगों की जान जोखिम में डालकर खुलेआम फुटकर बेच भी रहा था। चारों तरफ घनी आबादी होने के बावजूद इन मुनाफा खोरों के दिल में कानून का जरा भी खौफ नहीं था।
छापेमारी में खुला ‘बारूद का डिब्बा’
सटीक सूचना मिलते ही नैनी पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर घेराबंदी की और तीनों अभियुक्तों को रंगे हाथों दबोच लिया। जब पुलिस ने घर के अंदर तलाशी ली, तो वहां ‘मौत का सामान’ देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। मौके से पटाखों से खचाखच भरे 06 बड़े कार्टन बरामद हुए। जब इन गत्तों को खोला गया, तो उसमें से अलग-अलग ब्रांड के खतरनाक पटाखों का कुल 120 किलोग्राम अवैध बारूद बरामद हुआ।

सीधे जेल की सलाखों के पीछे
नैनी पुलिस ने बिना देर किए बारूद के इस खेल को खत्म किया और तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नैनी में मुअसं 385/2026 के तहत नए कानून की धारा 288 बीएनएस और 5/9 (ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस बारूदी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

अन्य समाचार