-सहेली ने तोड़ा भरोसा
-काशीमीरा पुलिस ने आरोपी महिला को किया अरेस्ट
सुरेश गोलानी / भायंदर
मीरा रोड से एक चौंकाने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी ही सहेली का भरोसा तोड़ते हुए पहले तो घर की चाबियां चुरार्इं और फिर लाखों रुपए के जेवरात और ८०,००० रुपए नगद उड़ा लिए। काशीमीरा पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, चोरी की घटना मीरा रोड के पूनम क्लस्टर कॉम्प्लेक्स स्थित शमा सय्यद के फ्लैट में १३ मई से ११ जून के बीच की है।
पिछले महीने घर की चाबियों के अचानक गायब होने पर शिकायतकर्ता ने ताला बदली करने के बजाय डुप्लीकेट चाबियां बनवा ली। हाल ही में एक विवाह समारोह में जाने के लिए जब शिकायतकर्ता ने अलमारी खोली तो ४४ लाख ३९ हजार रुपए मूल्य के करीब ३८० ग्राम सोने के आभूषण और ८०,००० रुपए नगद गायब पाए, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने उप-आयुक्त (जोन १) राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान घर में प्रवेश के कोई निशान नहीं मिलने पर पुलिस को इस बात का संदेह हुआ कि चोरी करने वाले ने चाबी का इस्तेमाल किया और वह परिवार का कोई परिचित हो सकता है। करीब १५ दिनों की सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगालने के पश्चात पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिसके बाद परिवार की गैरमौजूदगी के दौरान घर में प्रवेश करने वाली तसनीम नामक ४३ वर्षीय शिकायतकर्ता की सहेली को हिरासत में लिया गया।
चोरी हुए जेवर बरामद
पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ के बाद संदिग्ध ने अपना अपराध कबूल कर लिया। दरअसल एक सोची-समझी साजिश के तहत आरोपी ने घर की चाबी चुराई और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने तसनीम के २४ वर्षीय बेटे को भी हिरासत में लिया और घाटकोपर के एक सोनार के यहां से चोरी हुए सभी जेवर बरामद कर लिए हैं।
