• निशानदेही पर १७ बैटरियां भी बरामद
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर जिले की चुनिंदा दुकानों पर चोरी की बैटरियां बेची जा रही हैं! रविवार को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्त में आए बैटरी चोरों की शिनाख्त पर सत्रह बैटरियां व वारदात को अंजाम देने में सहायक उपकरण बरामद कर लिए।
सुल्तानपुर जिले की धम्मौर थाने की पुलिस ने बैटरी चोरों के बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। थानेदार अंजू मिश्रा ने बताया कि जिले में बैटरी चोरी की वारदातों के राजफाश के मद्देनजर कुछ दिनों से पुलिस टीम वर्कआउट पर थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली अंतर्गत सगरा अफीम मुहल्ला निवासी सचिन गौड़ व अमेठी जिले के पीपरपुर थानांतर्गत ग्राम घटकौर निवासी चंद्रकांत पाठक व रवि पाठक को दबोचा गया। जिनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से १७ बैटरियां, बाइक की बैटरी खोलने के उपकरण, मोबाइल फोन और १६२० रुपए नगद भी बरामद किये गए।
पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर शहर की चुनिंदा दुकानों कौशल इलेक्ट्रॉनिक्स दरियापुर,लाल ट्रेडर्स खैराबाद, प्रभात बैटरी गोलाघाट, हिंद बैटरी सर्विस लखनऊनाका, इलेक्ट्रोविजन इलेक्ट्रॉनिक्स पंचरास्ता व सोनू बैटरी सर्विस गोलाघाट से इन बैटरी चोरों की सांठगांठ रही। इन दुकानों पर ये शातिर चोर लंबे समय से चोरी की वारदातों में उड़ाई गई बैटरियां बेचने के लिये सप्लाई कर दिया करते थे। फिलहाल गिरफ्त में आए तीनों बैटरी चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
