सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय क्रीड़ा मंदिर, सहकार नगर, वडाला (मुंबई) में रविवार को आदर्श कृषि युवा मंडल द्वारा आयोजित एसएससी और एचएससी मार्च 2025 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल की मासिक पत्रिका ‘अग्रसेन’ (अगस्त 2025 अंक) का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. नितिन जे. मोकल थे, जिन्होंने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और पुणे जिलों से आए दर्जनों मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार व पाठ्य सामग्री भेंट कर सम्मानित किया।
मंच पर मंडल के अध्यक्ष श्री गणेश म्हात्रे, संस्था के संस्थापक श्री रवींद्र नाइक, पत्रिका के स्थानीय संपादक श्री दिलीप पाटिल, मंडल कोषाध्यक्ष दीपक पाटिल, श्री महेश पाटिल, श्री सदानंद पाटिल, श्री तुषार पामले, श्रीमती आरती मोकल, श्रीमती कल्पना पाटेकर और छात्र प्रशंसा समिति के प्रमुख श्री महेंद्र पाटिल उपस्थित थे।
इस वर्ष के कार्यक्रम को और भी खास बनाया वडाला विभाग के लोकप्रिय नगरसेवक व युवा सेना महासचिव श्री अमेय अरुण घोले और श्रीमती कोमल सचिन चौगुले-घोले ने। उन्होंने छात्रों को उपयोगी उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
आदर्श कृषि युवा मंडल विगत कई वर्षों से अगस्त माह में इस आयोजन के माध्यम से कृषि समुदाय के मेधावी छात्रों को सम्मानित करता आ रहा है। मंडल द्वारा प्राप्त दानराशि के ब्याज से यह उपक्रम चलाया जाता है, जिसमें छात्रों को शिक्षा प्रोत्साहन हेतु नकद व शैक्षणिक सामग्री दी जाती है।
