मुख्यपृष्ठनए समाचारअचानक विश्व के टॉप अमीरों की संपत्ति स्वाहा! ...बेजोस के १७ अरब...

अचानक विश्व के टॉप अमीरों की संपत्ति स्वाहा! …बेजोस के १७ अरब डॉलर तबाह

-मस्क को भी लगा तगड़ा आर्थिक झटका
एजेंसी / वाशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में हलचल देखने को मिली है और बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन तो अमेरिकी मार्वेâट बुरी तरह टूटे थे तो सोमवार को जापान समेत अन्य एशियाई बाजारों में भी सुस्ती देखने को मिली है। इस बीच दुनिया के टॉप-१० अमीरों की संपत्ति में भूचाल-सा नजर आया। बीते २४ घंटे में ही जहां जेफ बेजोस के १७ अरब डॉलर से ज्यादा स्वाहा हो गए तो वहीं दुनिया के नंबर-१ अमीर एलन मस्क की नेटवर्थ में भी ४ अरब डॉलर की गिरावट आई।
सबसे बड़ा झटका
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अपडेटेड आंकड़ों को देखें तो दुनिया के टॉप-१० अरबपतियों की संपत्तियों में भारी गिरावट नजर आई। दुनिया के सबसे रईस एलन मस्क से लेकर दसवें अमीर वॉरेन बफे तक को तगड़ा नुकसान हुआ है। हालांकि, सबसे ज्यादा बड़ा झटका अमेजन के जेफ बेजोस को लगा है। बेजोस के नेटवर्थ में १७.२ अरब डॉलर की बड़ी गिरावट आई, जिसके बाद उनकी संपत्ति घटकर २३७ अरब डॉलर रह गई। इस आंकड़े के साथ बेजोस दुनिया के अमीरों की लिस्ट में चौथे पायदान पर काबिज हैं।
जुकरबर्ग-एलिसन
जहां जेफ बेजोस को १७ अरब डॉलर से ज्यादा का फटका लगा तो वहीं तेज रफ्तार पकड़ते हुए दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान बने लैरी एलिसन को भी बड़ा नुकसान हुआ और उनकी नेटवर्थ में ९.९४ अरब डॉलर की कमी आई। तीसरे पायदान पर काबिज मेटा फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ में ८.०८ अरब डॉलर (करीब ७०,६३६ करोड़ रुपए से ज्यादा) की कमी आई और ये गिरकर २६३ अरब डॉलर रह गई।
दुनिया के नंबर-१ अमीर को भी नुकसान
दुनिया के टॉप-१० अमीरों की लिस्ट में पहले नंबर पर काबिज एलन मस्क की नेटवर्थ में गिरावट की बात करें तो ये ४.०३ अरब डॉलर गिरकर ३५२ अरब डॉलर पर आ गई। ताजा गिरावट को जोड़कर देखें तो मस्क इस साल ८० अरब डॉलर से ज्यादा दौलत गंवा चुके हैं।
बिल गेट्स लगातार टॉप-१० से बाहर
टॉप-१० अमीरों से अलग बात करें तो लंबे समय तक इस लिस्ट में शामिल रहनेवाले माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स बीते कुछ समय से इससे बाहर चल रहे हैं और वापसी नहीं कर पाए हैं। बीते २४ घंटे में इनकी संपत्ति में १.०९ अरब डॉलर की गिरावट आई और ये घटकर १२२ अरब डॉलर रह गई।

मुकेश अंबानी फायदे में, गौतम अडानी को घाटा
भारतीय अमीरों की बात करें, तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ ३०६ मिलियन डॉलर के इजाफे के साथ १०० अरब डॉलर हो गई और वे अमीरों की लिस्ट में १७वें पायदान पर हैं। तो २१वें सबसे रईस गौतम अडानी की नेटवर्थ २.१४ अरब डॉलर की गिरावट के साथ घटकर ७६.५ अरब डॉलर रह गई है।

अन्य समाचार