मुख्यपृष्ठनए समाचारसुप्रिया को आई दादा की याद... वहां कुछ तो गड़बड़ है?

सुप्रिया को आई दादा की याद… वहां कुछ तो गड़बड़ है?

– दादा, आपके जाने से फर्क पड़ा है

-भावनात्मक पोस्ट से राजनीतिक जगत में हलचल

सामना संवाददाता / पुणे

राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन को पांच महीने पूरे हो गए हैं। २८ जनवरी को हुए विमान हादसे में उनका निधन हुआ था। इस बीच, उनकी स्मृति में की गई दो सोशल मीडिया पोस्टों ने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
एक ओर सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर अजीत पवार के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए, ‘दादा, मिस यू’ लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, दूसरी ओर दादा गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सलीम सारंग की फेसबुक पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘दादा, आपके जाने से फर्क पड़ा है।’ इसके बाद पार्टी के भीतर नाराजगी और असंतोष की चर्चाएं तेज हो गर्इं।
सलीम सारंग ने लिखा कि अजीत पवार केवल पार्टी के नेता ही नहीं थे, बल्कि कार्यकर्ताओं का भरोसा भी थे। किसी भी समस्या के समय उनसे मिलने के लिए किसी सिफारिश या औपचारिकता की आवश्यकता नहीं पड़ती थी। लेकिन अब अपनी पहचान बतानी पड़ती है, मुलाकात के लिए समय लेना पड़ता है और कई बार प्रयास करने के बाद भी जवाब नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि अजीत पवार के नेतृत्व में प्रत्येक कार्यकर्ता को यह विश्वास रहता था कि उसका नेता उसके साथ खड़ा है। हालांकि, अब कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं, समस्याओं और संवाद पर पहले जैसा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बैठकों में कमी आई है, संवाद घटा है और कार्यकर्ताओं की आवाज शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच रही है या नहीं, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सारंग ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पांच महीने बाद भी अजीत पवार की कमी महसूस की जा रही है।

अन्य समाचार