मुख्यपृष्ठनए समाचारउल्हासनगर में टीडीआर घोटाला! ...निर्माण कार्यों की खरीदी-बिक्री पर रोक

उल्हासनगर में टीडीआर घोटाला! …निर्माण कार्यों की खरीदी-बिक्री पर रोक

-मनपा ने जारी किया नोटिस
सामना संवाददाता / मुंबई
उल्हासनगर महानगरपालिका अंतर्गत टीडीआर घोटाला का मामला प्रकाश में आने के बाद नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव असीम गुप्ता ने निर्माण कार्यों की खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही मनपा ने टीडीआर घोटाला करने वाले तीन निर्माणकार्यों को नोटिस जारी कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उल्हासनगर में चल रहे टीडीआर घोटाले को लेकर गत दिनों प्रहार जनशक्ति पार्टी के नेता बच्चू कडू की मौजूदगी में मंत्रालय में अहम बैठक हुई। इस बैठक में नगरविकास विभाग के प्रधान सचिव असीम गुप्ता ने बच्चू कडू की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उल्हासनगर मनपा को हस्तांतरणीय विकास अधिकार संख्या १४, १७ और १८ से जुड़े सभी लेन-देन और खरीद-बिक्री पर तुरंत रोक लगाने का आदेश जारी किया है। इसके कारण निर्माण कार्य करने वाले बिल्डरों को भारी झटका लगा है।
गौरतलब हो कि उल्हासनगर में चल रहे टीडीआर घोटाले की शिकायत प्रहार जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारी ने नगरविकास विभाग में दर्ज कराई थी। इस शिकायत को लेकर पिछले सप्ताह राज्य नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव असीम गुप्ता की उपस्थिति में एक बैठक हुई थी। इस बैठक में बच्चू कडू और उल्हासनगर मनपा आयुक्त मनीषा अव्हाले की वीडियो कॉन्प्रâेंसिंग के माध्यम से उपस्थिति थी। इस बैठक के दौरान प्रधान सचिव गुप्ता ने इस घोटाले के बारे में मनपा आयुक्त से पूछा कि जब यह घोटाला उजागर हुआ था, तब मनपा प्रशासन क्या कर रहा था?
उन्होंने यह भी सवाल किया कि मनपा ने इस ओर ध्यान क्यों नहीं दिया? प्रधान सचिव ने इस मामले की दस दिनों के भीतर जांच पूरी करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रधान सचिव के निर्देश के बाद मनपा प्रशासन से संबंधित निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किया है। मनपा के जारी नोटिस में कहा गया है कि आपके निर्माणकार्य की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई जा रही है। मनपा प्रशासन ने संबंधित निर्माणकर्ताओं को चेतावनी भी दी है कि नोटिस मिलने के बाद किसी प्रकार की लेन-देन की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए, वर्ना सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार

आहट