सामना संवाददाता / मुंबई
ठाणे मनपा प्रशासन ने शनिवार को आगामी चुनाव के लिए अंतिम वार्ड संरचना की घोषणा की। हालांकि, वार्ड संरचना के संबंध में २६९ शिकायतें दर्ज की गई थीं, लेकिन लोकमान्यनगर (वार्ड क्रं. ६), पवारनगर (वार्ड क्रं. ५) को छोड़कर बाकी वार्डों की संरचना यथावत रखी गई है, ऐसा मनपा सूत्रों ने बताया।
नगर विकास विभाग और राज्य चुनाव आयोग द्वारा अनुमोदित इस संरचना के अनुसार, कुल ३३ वार्डों में से १३१ नगरसेवक चुने जाएंगे। इसके साथ ही नगरसेवकों या वार्डों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन दिवा क्षेत्र में एक नगरसेवक बढ़ने से यहां के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। ठाणे मनपा चुनाव के लिए वार्ड संरचना २२ अगस्त को प्रकाशित की गई थी। नागरिकों की आपत्तियों और सुझावों को स्वीकार करने के बाद १० सितंबर को सुनवाई हुई। यह सुनवाई नगर विकास विभाग द्वारा नियुक्त प्राधिकृत अधिकारी संजय सेठी की उपस्थिति में हुई। सेठी ने प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के बाद अपनी राय दी थी। सेठी द्वारा दी गई राय के अनुसार आवश्यक संशोधन करते हुए, मनपा द्वारा वार्ड संरचना का अंतिम प्रस्ताव १५ सितंबर को नगर विकास विभाग को सौंपा गया था। नगर विकास विभाग ने इस प्रस्ताव की जांच के बाद इसे राज्य चुनाव आयोग को मंजूरी के लिए भेजा था। चुनाव आयोग ने १ अक्टूबर को अपनी अंतिम मंजूरी दे दी थी। अब प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम वार्ड संरचना के संदर्भ में नियमानुसार कोई आपत्ति, सुझाव या सुनवाई नहीं की जाएगी।
