मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में सहयोगी गुट ही बने ‘अस्तित्व के दुश्मन'! ...शिंदे गुट की...

महायुति में सहयोगी गुट ही बने ‘अस्तित्व के दुश्मन’! …शिंदे गुट की बैठक में फूटी आवाज, अब बस हुआ’

एमएमआर की सात मनपाओं
में एकला चलो की तैयारी
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति सरकार में जबरदस्त धमा-चौकड़ी शुरू हो गई है। आगामी निकाय चुनावों को लेकर सहयोगी गुट एक-दूसरे के ‘खिलाफ’ मोर्चाबंदी में जुट गए हैं। शिंदे गुट ने सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा और दादा गुट ‘अस्तित्व के दुश्मन’ बन रहे हैं। हालिया बैठक में शिंदे गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आक्रोश ‘अब बस हो गया’ के नारे में फूट पड़ा, जबकि एमएमआर क्षेत्र मुंबई को छोड़कर सात प्रमुख मनपाओं में महायुति ‘एकला चलो रे’ के मंत्र पर चलते हुए अलग-अलग चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गई हैं। यह टकराव न सिर्फ महायुति की एकता के लिए खतरा है, बल्कि राज्य की राजनीति में एक नए ‘संकट’ का संकेत दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में आगामी स्थानीय निकायों के चुनावों की रणभेरी शुरू होने से पहले ही महायुति में तनाव का माहौल बन गया है। इस वजह से महायुति में कलह शुरू हो गई है। इसी क्रम में शिंदे गुट के नेता व सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में हाल ही में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में गुट के भीतर की नाराजगी साफ तौर पर उभरकर आई। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में आगामी चुनावों में ‘अपने दम पर लड़ने’ का विचार सामने आया। नासिक, नागपुर, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर विभागों के स्थानीय पदाधिकारियों ने भाजपा के साथ युति के बजाय स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। इस बैठक में शामिल हुए विधायकों और पदाधिकारियों ने भाजपा और दादा गुट पर गठबंधन नीति का पालन न करने का आरोप लगाया। कुछ जगहों पर भाजपा द्वारा शिंदे गुट के विरोधियों को प्रवेश दिए जाने की बात कही गई। नंदुरबार के एक विधायक ने तो यहां तक कहा कि शिंदे गुट के ही पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, और पार्टी के भीतर मौजूद इस ‘घुन’ की ओर नेताओं का ध्यान खींचा।
फिलहाल ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नई मुंबई, भिवंडी, उल्हासनगर, वसई-विरार और मीरा-भायंदर इन महत्वपूर्ण मनपाओं में भाजपा-शिंदे गुट में गठबंधन को लेकर उलझन बनी हुई है। दोनों द्वारा स्वतंत्र तौर पर मोर्चाबंदी शुरू होने की स्पष्ट तस्वीरें उभर रही हैं।

अन्य समाचार