दादा गुट के मंत्री कोकाटे ने साधा निशाना
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की राजनीति में इन दिनों फूट, टकराव और अंदरूनी ‘गृहयुद्ध’ खुलकर सामने आ चुका है। इसी सुलगते माहौल में मंत्री माणिकराव कोकाटे ने भाजपा और शिंदे गुट दोनों पर एक साथ ऐसा प्रहार किया, जिसने सत्ता पक्ष की परतें हिला दीं। भाजपा की फूट डालो राजनीति को निशाने पर लेते हुए कोकाटे ने साफ कहा कि यह पार्टी रिश्ते, परिवार और संगठन हर जगह विभाजन में ही अपनी शक्ति ढूंढती है। दूसरी तरफ शिंदे के ‘गोद लेने’ वाले दिखावटी ड्रामे पर भी उन्होंने कहा कि जब १० साल में एक मुख्य अधिकारी नहीं बदला गया, तो शहर गोद लेने का दावा कितनी गंभीरता रखता है।
राज्यभर की नगर परिषद चुनावों के प्रचार का अंतिम चरण आरोपों और प्रत्यारोपों से काफी गरमाया हुआ है। दादा गुट के उम्मीदवार विट्ठल राजे उगले के प्रचार के लिए सिन्नर में आयोजित सभा में कोकाटे ने भाजपा की कार्यशैली का पर्दाफाश किया और उसके फूट डालो वाली राजनीति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मेरे सगे भाई भारत कोकाटे को भाजपा ने अपनी ओर खींच लिया। उसके बाद अब सांसद वाजे के परिवार में भी उन्होंने यही किया।
दूसरों के घर तोड़कर और लोगों को लुभाकर पार्टी बढ़ाने वाली भाजपा में मूल के निष्ठावानों की कोई कीमत नहीं बची है। इस दौरान कोकाटे ने एकनाथ शिंदे का नाम लिए बिना उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों से हम सिन्नर नगर परिषद के मुख्य अधिकारी को बदलने की मांग कर रहे हैं। लेकिन नगर विकास विभाग से यह नहीं हुआ और अब यही लोग सिन्नर शहर को ‘गोद’ लेने निकले हैं।
