-वडोदरा-गोरखपुर विशेष ट्रेन के जनरल कोच में दर्दनाक दुर्घटना
दीपावली और छठ पूजा मनाने के लिए दूर-दूर रहने वाले लोग घर वापस लौट रहे हैं, जिसके चलते ट्रेनों के जनरल कोच से लेकर एसी कोच तक में पैर रखने की भी जगह नहीं मिल रही है। शनिवार को दीपावली पर घर वापस लौट रहे मजदूर की कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर वडोदरा-गोरखपुर विशेष ट्रेन के जनरल कोच में मौत हो गई। ट्रेन की खचाखच भीड़ में मजदूर का दम घुट गया। जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह के मुताबिक, यात्री की हार्ट अटैक के चलते मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। मृतक कुशीनगर का रहनेवाला बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान कुशीनगर पडरौना के रवींद्र नगर धरमपुर में रहने वाले ज्ञानेंद्र कुमार गोंड (३४) के रूप में हुई है। ज्ञानेंद्र गुजरात के वडोदरा में निर्माण कंपनी में मजदूरी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी रानी, आठ माह का बेटा देवेश है। परिजनों के मुताबिक दो साल पहले ज्ञानेंद्र की शादी हुई थी। भाई जैनेंद्र और पीयूष के मुताबिक, दीपावली पर घर आने के लिए ज्ञानेंद्र शनिवार को वडोदरा-गोरखपुर विशेष ट्रेन के जनरल कोच में सवार हुआ था। उसके साथ मिंटू पाल और श्रीप्रसाद भी थे। जनरल कोच में ज्यादा भीड़ होने के चलते ज्ञानेंद्र को घुटन होने लगी। जब ट्रेन सेंट्रल स्टेशन पहुंची तो वहां पर और भी ज्यादा यात्री ट्रेन में सवार हो गए। इसी बीच ज्ञानेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। जीआरपी की मदद से उसे लोको अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रेन के शौचालय में बैठ लोग कर रहे यात्रा
दीपावली के चलते ट्रेनों में इस कदर भीड़ बढ़ गई है कि यात्री ट्रेनों के शौचालय और दरवाजों के पास खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं। बिहार, बंगाल, पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों के जनरल कोच में तो यात्री चद्दर बांध उसमें बच्चे बैठाकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
