सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
सैकड़ों साल पुराने सुल्तानपुर शहर के पुराना गुरुद्वारा को जमीन कारोबारियों द्वारा बेच दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गुरुद्वारा परिसर में पीढ़ियों से रह रहे करीब आधा दर्जन परिवारों की जमीन कारोबारियों से शुरू हुई लड़ाई में अब अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल भी कूद पड़ा है। सोमवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय और जिलाध्यक्ष विजय प्रधान के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारियों के साथ लखनऊनाका स्थित सैकड़ों वर्षों पुराने उदासीन पंथ के आश्रम व गुरुद्वारे में पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया। यहां रह रहे तमाम परिवार के लोगों से मुलाकात की। हर संभव मदद का भरोसा दिया।
किरायदारों ने अवगत कराया कि प्रकरण को लेकर घटनास्थल पर एक बार भी लेखपाल व तहसीलदार जांच के लिये नहीं आए। व्यापार मंडल ने उक्त प्रकरण पर हर स्तर पर लड़ाई लड़ने की बात कही और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस मौके पर गोपालजी सोनी, अमरचंद्र साहू, भाजपा महिला मोर्चा सुल्तानपुर की निवर्तमान जिला मंत्री मंजू सागर कसौधन, सतवंत कौर, भगवंत कौर, मनप्रीत सिंह, राजकुमारी विश्वकर्मा, दिलीप विश्वकर्मा, हरजीत कौर, दिवेश सागर आदि मौजूद रहे।
