मुख्यपृष्ठनए समाचारशादी की खुशियां मातम में बदलीं ...बारात से लौट रहे चार दोस्तों...

शादी की खुशियां मातम में बदलीं …बारात से लौट रहे चार दोस्तों की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रयागराज के खुल्दाबाद सब्जी मंडी क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। यहां से कानपुर बरात गई थी। वापस लौटते समय एक स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई। इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। राहुल केसरवानी खुल्दाबाद सब्जी मंडी मोहल्ले का रहने वाला था। घटना के बाद से ही मोहल्ले में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। शादी वाले घर में भी मातम पसरा हुआ है। रोने और बिलखने की आवाज सुनाई दे रही है। प्रयागराज के सब्जी मंडी खुल्दाबाद से स्कार्पियो गाड़ी से नौ लोग कानपुर के मोतीझील वाल्मीकि आश्रम में सामूहिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। बुधवार सुबह वापस लौटते समय कानपुर प्रयागराज हाईवे पर बड़ौरी ओवरब्रिज के पास स्कार्पियो का टायर फटने से गाड़ी पानी भरे तालाब में घुस गई। पानी भरने के कारण चार लोगों की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस ने पांच लोगों को सकुशल बचा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे में जिनकी मौत हुई है उसमें साहिल गुप्ता (२६), शिवम साहू (२८), रितेश सोनकर (२८) और राहुल केसरवानी (२५) शामिल हैं। जबकि चालक राहुल कुमार, महेश, अमित, सुमित और नीरज को समय रहते बचा लिया गया।

पानी में डूबने से हुई मौत
गोपालगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. जयंत ने बताया कि चारों की मौत पानी में डूबने से दम घुटने के कारण हुई है। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक प्रगति यादव भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

मृतकों की हुई पहचान,
सभी प्रयागराज के रहने वाले
मृतकों की पहचान साहिल गुप्ता (२६ वर्ष), शिवम साहू (२८ वर्ष), रितेश सोनकर उर्फ ननकी (२८ वर्ष) और राहुल केसरवानी (२५ वर्ष) के रूप में हुई है। सभी प्रयागराज के रहने वाले थे। हादसे में घायल हुए राहुल कुमार, महेश कुमार, अमित, सुमित और नीरज को पुलिस और राहगीरों ने समय रहते खाई से बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, सभी युवक प्रयागराज की खुल्लाबाद सब्जी मंडी से मंगलवार की शाम कानपुर के मोतीझील स्थित वाल्मीकि आश्रम में अपने दोस्त गौतम पाल की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात विवाह समारोह के बाद वे स्कॉर्पियो से वापस प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ौरी टोल प्लाजा के पास अचानक टायर फटने से यह भीषण दुर्घटना हो गई।

अन्य समाचार