-वसई में तस्करों पर पुलिस का प्रहार
-२ करोड़ की एम्बरग्रिस जब्त
राधेश्याम सिंह / वसई
वसई में करोड़ों रुपए की प्रतिबंधित एम्बरग्रिस (व्हेल मछली की उल्टी) की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वसई अपराध शाखा ने सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाकर पांच सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए २ करोड़ ७ लाख १२ हजार रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से २ किलो ५८ ग्राम एम्बरग्रिस, एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ इसे हाल के समय की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, २ अगस्त को जी.जी. कॉलेज के पिछले गेट के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों के प्रतिबंधित एम्बरग्रिस के साथ मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच ने तत्काल जाल बिछाया और उदित सातवसे (३८) तथा कृष्णाकांत देसाई (३४) को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से करीब २ करोड़ ५ लाख ८० हजार रुपए मूल्य की एम्बरग्रिस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने नवघर बस डिपो क्षेत्र में छापेमारी कर विशाल ठाकरे (२८), अकिल के. कृष्णा पीवी (२८) और सुहाद टीपी मोईद्दीन कोया (३२) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह बिक्री के उद्देश्य से प्रतिबंधित एम्बरग्रिस को केरल से वसई लेकर आया था।
केरल से वसई तक तस्करी का जाल
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह एम्बरग्रिस को बिक्री के लिए केरल से वसई लाया था। पुलिस ने पांचों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
